धमतरी। एनडीपीएस एक्ट के एक आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के मामले में धमतरी पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक Suraj Singh Parihar ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चार पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। हालांकि, फरार आरोपी को बाद में फिर से गिरफ्तार कर लिया गया।
मेडिकल जांच के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ आरोपी
मामला थाना सिहावा में दर्ज अपराध क्रमांक 45/2026 से जुड़ा है, जिसमें एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की गई थी। गुरुवार को आरोपी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी में मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया गया था। इसी दौरान आरोपी पलाश गजभिए (32), निवासी नागपुर (महाराष्ट्र), पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया।
लापरवाही सामने आने पर पुलिस विभाग की बड़ी कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस ने धारा 262 बीएनएस के तहत नया मामला दर्ज किया। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा प्रोटोकॉल में गंभीर लापरवाही सामने आई, जिसके आधार पर सहायक उप निरीक्षक सोनचंद डहरिया, आरक्षक अजय नेताम, डीएसएफ आरक्षक हिमेश नेताम और महिला आरक्षक डिगेश्वरी साहू को निलंबित कर दिया गया।
मुख्यालय रक्षित केंद्र में किया गया अटैच
निलंबन अवधि के दौरान सभी कर्मचारियों का मुख्यालय रक्षित केंद्र धमतरी निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता और अन्य सुविधाएं मिलती रहेंगी।















































