EOW-ACB की बड़ी छापेमारी : शराब घोटाले में वेलकम-भाटिया डिस्टलरी पर कार्रवाई, तीन वाहन सीज

SHARE:

शराब घोटाले मामले में EOW-ACB ने अवैध शराब परिवहन में प्रयुक्त तीन वाहनों को जब्त किया है। एजेंसी ने अब तक 19 वाहनों को जब्त किया है।
रायपुर। 
शराब घोटाले मामले में EOW-ACB का एक्शन जारी है। डिजिटल एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर यह पाया गया है कि इन वाहनों का उपयोग अवैध शराब (पार्ट-बी) के परिवहन में किया जाता था। इन वाहनों के माध्यम से डिस्टलरी से सीधे चयनित शासकीय शराब दुकानों तक अवैध शराब पहुंचाई जाती थी। इस कार्य हेतु डिस्टलरी मालिक द्वारा अपने भरोसेमंद व्यक्ति को ट्रांसपोर्टिंग का कार्य देकर छोटे ट्रांसपोर्टरों की गाड़ियों का उपयोग किया जाता था।

EOW ने विवेचनाधीन शराब घोटाला प्रकरण, अपराध क्रमांक 04/2024, धारा 7, 12 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 यथा संशोधित अधिनियम, 2018 तथा धारा 420, 467, 468, 471, 120-बी भा.दं.वि. के अंतर्गत पूर्व में वेलकम डिस्टलरी, कोटा जिला बिलासपुर तथा भाटिया वाइंस डिस्टलरी, सरगांव जिला मुंगेली से कुल 16 वाहन जब्त किए गए थे।

विवेचना क्रम में डिस्टलरी दुर्ग के जब्त 3 वाहनों का जांच में प्राप्त डिजिटल एवं भौतिक साक्ष्यों से यह स्थापित हुआ है कि इन वाहनों का उपयोग अवैध शराब (पार्ट-बी) के परिवहन में किया जाता था।

देशी शराब दुकानों में कराया जाता था अवैध परिवहन 
विवेचना में यह पाया गया है कि अवैध शराब का परिवहन डिस्टलरियों से सीधे चयनित शासकीय देशी शराब दुकानों तक कराया जाता था। इस कार्य के लिए कुछ निर्धारित वाहनों का बार-बार उपयोग किया जाता था। जांच में प्राप्त साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर ऐसे वाहनों की डिस्टलरीवार पहचान की गई।

जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया है कि छग डिस्टलरी दुर्ग में भी 3 वाहन के अतिरिक्त कुछ अन्य वाहनों का उपयोग किया गया है। जिन्हें या तो स्क्रैप करा दिया गया है या अन्य उपयोग में लाया जा रहा है। जिनके स्वामित्व एवं उपयोग के संबंध में पृथक रूप से जांच जारी है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई