सूरजपुर। प्रदेश में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सूरजपुर जिले में खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान कोयला और रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त वाहनों को जप्त कर संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है।
जिला प्रशासन के निर्देश पर लगातार निगरानी
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देशानुसार खनिज विभाग, जिला स्तरीय टास्कफोर्स एवं खनिज अमला लगातार खनन प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में 07 जून को तहसील सूरजपुर अंतर्गत पचिरा–मानी चौक मार्ग पर विशेष जांच अभियान चलाया गया।
कोयला परिवहन करते 6 बाइक जब्त
जांच के दौरान ग्राम बेलटिकरी के पास अवैध रूप से कोयला परिवहन करते हुए 6 मोटरसाइकिलों को पकड़ा गया। इन वाहनों से लगभग 5 टन कोयला जप्त किया गया, जिसे सुरक्षा के लिए थाना सूरजपुर में रखा गया है।
रेत परिवहन में भी कार्रवाई, 5 टिपर वाहन जप्त
खनिज विभाग ने ग्राम राजापुर, हर्राटिकरा एवं आसपास के क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में संलिप्त 3 टिपर वाहनों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया। वहीं 08 जून को राजापुर रेत खदान क्षेत्र के औचक निरीक्षण में 2 और टिपर वाहन जप्त किए गए। सभी वाहनों को थाना जयनगर के सुपुर्द किया गया है।
कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अवैध गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।















































