रायपुर/कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर जिले की मेधावी छात्रा महेश्वरी कोर्राम ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में 96.40 प्रतिशत अंक हासिल कर माध्यमिक शिक्षा मंडल की टॉप-10 सूची में दसवां स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर राज्य शासन ने विशेष प्रोत्साहन प्रदान किया।
राजधानी रायपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छात्रा महेश्वरी को मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत 1 लाख रुपये की सहायता राशि तथा दोपहिया वाहन (स्कूटी) अनुदान के लिए अतिरिक्त 1 लाख रुपये प्रदान किए।
श्रमिक परिवार की बेटी ने रचा सफलता का इतिहास
श्रम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार महेश्वरी कोर्राम उत्तर बस्तर कांकेर जिले के चारामा विकासखंड अंतर्गत ग्राम कानापोड़ की निवासी हैं। उनकी माता अनिता कोर्राम श्रमिक हैं और भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत हैं। इसी पात्रता के आधार पर छात्रा को योजना का लाभ प्रदान किया गया।
मेहनत और प्रतिभा को मिला सम्मान
महेश्वरी की इस सफलता को जिले और प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। श्रमिक परिवार से आने वाली छात्रा ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर राज्य की मेरिट सूची में स्थान बनाकर अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
कार्यक्रम में मौजूद रहे कई वरिष्ठ अधिकारी
इस अवसर पर श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, श्रमायुक्त हिमशिखर गुप्ता, मंडल के सचिव गिरीश रामटेके सहित श्रम विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।















































