रायपुर : रायपुर प्रेस क्लब में “नक्सलवाद पर विजय” कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने 31 मार्च 2026 को ऐतिहासिक दिन बताया. विजय शर्मा ने दावा किया कि राज्य, खासकर बस्तर क्षेत्र से सशक्त नक्सल कैडर पूरी तरह समाप्त हो चुका है. उन्होंने इसे 50 वर्षों के संघर्ष का अंत बताया और इस सफलता का श्रेय सुरक्षा बलों, स्थानीय जनता और सरकार की रणनीति को दिया.
“50 साल का संघर्ष 2 साल में खत्म”
गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि जिस नक्सलवाद ने दशकों तक बस्तर को प्रभावित किया, उसे बीते दो वर्षों में निर्णायक रूप से खत्म कर दिया गया. उन्होंने कहा कि अब बस्तर की जनता खुद नक्सलवाद को नकार चुकी है. गृहमंत्री ने कहा कि आर्म्ड फोर्स के ऑपरेशन में बड़ी सफलता मिली है. उन्होंने जवानों के अदम्य साहस को सलाम करते हुए कहा कि नक्सल उन्मूलन में यह सबसे अहम कड़ी रही.
विपक्ष पर हमला, कहा—सहयोग के बजाय आरोप
विजय शर्मा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि एनकाउंटर को लेकर बेवजह आरोप लगाए गए. यहां तक कि नक्सलियों के प्रेस नोट का सहारा लिया गया, लेकिन आज बस्तर की जनता ने खुद विपक्ष को जवाब दे दिया है.अब बस्तर में शांति का माहौल है और बस्तर पंडुम व बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन हो रहे हैं. स्थानीय लोग अब खुलकर विकास की मांग कर रहे हैं, जो पहले डर के कारण संभव नहीं था.
आत्मसमर्पण को दिया “सम्मानजनक” रूप
गृहमंत्री ने बताया कि सरकार ने “सरेंडर” की जगह “ससम्मान आत्मसमर्पण” की नीति अपनाई, जिसके तहत 2000 से अधिक नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया. पुनर्वास नीति को भी उन्होंने बेहद कारगर बताया.विजय शर्मा ने कहा कि नक्सल उन्मूलन में स्थानीय पत्रकारों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और क्षेत्रीय भाषा-रेडियो की बड़ी भूमिका रही, जिससे जागरूकता फैली.
नक्सल हिंसा की दर्दनाक तस्वीर भी आई सामने
कार्यक्रम की शुरुआत में नक्सल पीड़ितों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई, जिसमें आईईडी ब्लास्ट, हत्याएं और स्थानीय लोगों की पीड़ा को दर्शाया गया. कई लोग दिव्यांग हुए, तो कई ने अपनी जान गंवाई.
अंतिम चेतावनी: “आत्मसमर्पण करें, वरना कार्रवाई होगी”
अंत में विजय शर्मा ने दो टूक कहा कि नक्सलियों के लिए आत्मसमर्पण का रास्ता खुला है, लेकिन यदि वे ऐसा नहीं करते हैं तो सुरक्षा बल अपनी कार्रवाई जारी रखेंगे.
छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद की समाप्ति की दिशा में मिली ऐतिहासिक सफलता के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने सौजन्य मुलाकात की. इस अवसर पर विजय शर्मा ने मुख्यमंत्री को नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में मिली इस बड़ी उपलब्धि पर बधाई देते हुए पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया.
नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ अब विकास, विश्वास और समृद्धि के नए युग की ओर अग्रसर होगा.उन्होंने कहा कि नक्सलवाद वर्षों तक प्रदेश की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा बना रहा और विशेष रूप से बस्तर अंचल लंबे समय तक लाल आतंक के साये में रहा- विष्णुदेव साय, सीएम छग
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं और नक्सल प्रभावित सभी क्षेत्रों में विकास की मुख्यधारा मजबूत हो रही है.बस्तर सहित पूरे प्रदेश में शांति, सुरक्षा और विकास का नया वातावरण तैयार हो रहा है, जिससे आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है.















































