सुशासन तिहार बना ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का मंच: फगुरम शिविर में 411 आवेदन पहुंचे, 287 का मौके पर हुआ निराकरण

SHARE:

मालखरौदा विकासखंड के फगुरम में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित सुशासन तिहार 2026 के तहत मालखरौदा विकासखंड के ग्राम पंचायत फगुरम में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया।

फगुरम क्लस्टर के अंतर्गत कुल 19 ग्राम पंचायतों — फगुरम, लिमगांव, चरौदा, अण्डी, किरारी, बड़ेमुड़पार, सारसकेला, बोड़ासागर, कुधरी, सपिया, कर्रापाली, बोकरेल, झर्रा, भांटा, परसा, चरौदी, सेरो, कुलबा एवं अण्डा से बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर में शामिल हुए।

411 आवेदन प्राप्त, 287 समस्याओं का तत्काल निराकरण

शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं और शिकायतों से संबंधित कुल 411 आवेदन प्रस्तुत किए। इनमें से 287 आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया, जबकि शेष 124 आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र समाधान का भरोसा दिया गया।

शासन की योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंचाया गया

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। खाद्य विभाग ने राशन कार्ड, स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान कार्ड, समाज कल्याण विभाग ने मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल और श्रवण यंत्र वितरित किए।

इसके साथ ही पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र और प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई। शिक्षा विभाग ने गणवेश, मत्स्य विभाग ने जाल तथा स्व सहायता समूहों को बैंक लिंकेज राशि प्रदान की गई।

जनप्रतिनिधियों ने सुशासन तिहार को बताया जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम

जनपद पंचायत मालखरौदा अध्यक्ष कविशरण वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि यह शिविर लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच बनकर उभर रहा है।

उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने और अपनी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखने की अपील की।

विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल, स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया

शिविर में स्वास्थ्य, आयुष, कृषि, पशुधन, शिक्षा, राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, मत्स्य पालन, जल संसाधन, श्रम, विद्युत, समाज कल्याण सहित कई विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी।

स्वास्थ्य एवं आयुर्वेद विभाग की टीमों ने शिविर में पहुंचे लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण भी किया।

 

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई