राष्ट्रीय जनगणना 2027 में गौरेला पेंड्रा मरवाही ने रचा इतिहास , सौ फीसदी कार्य किया पूरा

SHARE:

गौरेला पेंड्रा मरवाही: राष्ट्रीय जनगणना 2027 के सर्वे कार्य में छत्तीसगढ़ के गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले ने इतिहास रच दिया है. मकान सूचीकरण ब्लॉक गठन एवं सत्यापन कार्य में गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है. इस जिले में सभी 528 मकान सूचीकरण ब्लॉकों का कार्य शत-प्रतिशत पूरा हो गया है. इसके साथ ही जिले ने पूरे छत्तीसगढ़ में पहला स्थान हासिल किया है. राज्य सरकार की तरफ से जारी प्रगति रिपोर्ट में इसका जिक्र है.

जीपीएम ने मारी बाजी

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार छत्तीसगढ़ में कुल 48,742 मकान सूचीकरण ब्लॉकों में से अब तक 29,602 ब्लॉकों का कार्य पूरा हो चुका है, जो कुल लक्ष्य का 60.73 प्रतिशत है. डिजिटल तकनीक और ऑनलाइन मॉनिटरिंग के माध्यम से यह कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने राज्य की प्रगति पर संतोष जताते हुए GPM जिला प्रशासन, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को बधाई दी है.

सबका साथ, सबका विकास और सुशासन की अवधारणा को मजबूत करने में सटीक जनगणना की महत्वपूर्ण भूमिका होगी. आगामी जनगणना के आंकड़े भविष्य में विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और नीति निर्धारण की मजबूत बुनियाद साबित होंगे. बड़े शहरों और नगर निगम क्षेत्रों में मॉनिटरिंग कार्य तेज गति से किए जाएं- विष्णुदेव साय, सीएम, छत्तीसगढ़

जनगणना कार्य में छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों की स्थिति

राज्य स्तरीय प्रदर्शन में GPM के बाद जशपुर जिला 99.87 प्रतिशत और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी 99.84 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर शीर्ष जिलों में शामिल हैं. इसके अलावा बेमेतरा जिला 97.8 प्रतिशत और मुंगेली 96.52 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लक्ष्य के करीब पहुंच चुका है.

कलेक्टर ने कर्मचारियों को दी बधाई

GPM कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन ने इस सफलता का श्रेय जिले के प्रगणकों, पर्यवेक्षकों और प्रशासनिक टीम की बेहतर समन्वय क्षमता को दिया. उन्होंने बताया कि दुर्गम और आदिवासी क्षेत्रों में भी माइक्रो प्लानिंग के तहत कार्य किया गया. हर चार्ज नंबर की रोजाना डिजिटल मॉनिटरिंग की गई, जिससे 17 मई की मध्यरात्रि को डेटा पोर्टल पर सिंक होते ही जिले ने 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया.

जिला प्रशासन अगले चरण के प्रशिक्षण और मैदानी सत्यापन के लिए पूरी तरह तैयार है-संतोष कुमार देवांगन, कलेक्टर, गौरेला पेंड्रा मरवाही

जनगणना कार्य में छत्तीसगढ़ के ये जिले फिसड्डी

दूसरी ओर राज्य के कई बड़े शहरों और नगर निगम क्षेत्रों में कार्य की गति अपेक्षाकृत धीमी रही है. रायगढ़ नगर निगम में केवल 4.65 प्रतिशत, भिलाई में 7.84 प्रतिशत और रिसाली में 8.33 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो पाया है. राजधानी रायपुर में भी कुल 1,964 ब्लॉकों में से महज 203 ब्लॉकों का कार्य पूरा हुआ है, जो कुल लक्ष्य का केवल 10.34 प्रतिशत है. प्रशासन ने इन क्षेत्रों में कार्य में तेजी लाने के लिए विशेष नोडल अधिकारियों की तैनाती और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं.

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई