डॉ. रमन सिंह द्वारा गोद लिए गए केडिआमा गांव में पहुंचे विधायक रोहित साहू, विकास कार्यों और स्थिति का लिया जायजा

SHARE:

डॉ. रमन सिंह ने सीएम रहते राजिम क्षेत्र के गांव केडिआमा को गोद लिया था। आज विधायक रोहित साहू उसी गांव में पहुंचे। 
राजिम। राजिम विधानसभा क्षेत्र के मुख्यमंत्री गोद ग्राम केडीआमा को रमनपुर के नाम से भी जाना जाता है। शनिवार को उस समय उत्साह और उमंग से सराबोर हो उठा, जब विधायक रोहित साहू का काफिला भीषण गर्मी और तपती दोपहरी के बीच गांव पहुंचा।

गांव में विधायक का हुआ भव्य स्वागत
तेज धूप और प्रचंड गर्मी भी ग्रामीणों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। गाँव के मुख्य मार्ग से लेकर चौपाल तक ढोल-नगाड़ों, बाजे-गाजे और फूलमालाओं के साथ विधायक श्री साहू का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। ग्रामवासियों ने पारंपरिक अंदाज में विधायक श्री साहू का अभिनंदन करते हुए उन्हें गाँव की आशाओं और विकास की उम्मीदों का प्रतीक बताया। ग्रामीण महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की भारी उपस्थिति ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

डॉ. रमन सिंह ने लिया था केडीआमा गांव को गोद
जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए थे और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विकास पुरुष रोहित साहू के जिंदाबाद के नारों से माहौल को रोमांचित कर दिया। गौरतलब है कि, यह वही ग्राम है जिसे करीब बीस वर्ष पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने गोद लिया था। उस समय गाँव को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई थी। अब विधायक रोहित साहू उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए गाँव को फिर से विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए सक्रिय पहल कर रहे हैं। सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से लेकर विधायक लगातार शासन स्तर पर प्रयासरत हैं।

MLA Rohit Sahu

केडीआमा गाँव क्षेत्र की पहचान और गौरव : विधायक साहू 
इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि, केडीआमा केवल एक गाँव नहीं बल्कि क्षेत्र की पहचान और गौरव है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गोद ग्राम होने के कारण इस गाँव का ऐतिहासिक महत्व है और इसे विकास के मॉडल के रूप में स्थापित करना एवं पर्यटन स्थल से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। विधायक श्री साहू ने विष्णुदेव साय सरकार के सुशासन की हरेक जनकल्याणकारी योजनाओं को बताते हुए लाभ उठाने की अपील किया। कहा कि ये सभी योजनाएं अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे अधिकारी वर्ग यह जरूर ध्यान रखें और हर पात्र व्यक्तियों को इसका लाभ मिले।

MLA Rohit Sahu

जनता का स्नेह और विश्वास ही मेरी ताकत 
उन्होंने कहा कि, इस गाँव तक विकास की हर योजना पहुँचे, इसके लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। विधायक श्री साहू ने अपने उदबोधन में कहा कि, जनता का स्नेह और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। गाँव-गाँव तक विकास पहुँचाना और अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना हमारा संकल्प है। केडीआमा गाँव के विकास के लिए जो भी आवश्यक होगा, उसे प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएँ भी सुनीं और कई आवश्यक कार्यों के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने का भरोसा दिलाया।

सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख की स्वीकृति 
ग्रामीणों ने भी गाँव में अधूरे विकास कार्यों, सड़क मरम्मत, पेयजल व्यवस्था और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार की मांग विधायक के समक्ष रखी। विधायक श्री साहू ने सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रूपए की स्वीकृति दी। पूरे कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने विधायक का स्वागत कर यह संदेश दिया कि क्षेत्र की जनता विकास को लेकर जागरूक है और अपने जनप्रतिनिधि से बड़ी अपेक्षाएँ रखती है। विधायक रोहित साहू के इस दौरे को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

इनकी भी रही मौजूदगी
स्वागत करने वालों में सरपंच योगेश ध्रुव उपसरपंच लता-मूलचंद साहू, ऊर्मिला ध्रुव, गौकरण मानिकपुरी, रेवती भुंजिया, राजकुमार यादव, शत्रुघ्न भुंजिया, ग्रामीण अध्यक्ष दीनदयाल विश्वकर्मा, रामेश्वर ध्रुव, भानुप्रताप निषाद, दुर्गेश ध्रुव, रामजी ध्रुव, दशरथ विश्वकर्मा, दिलीप ध्रुव, बहुरसिंह ध्रुव, सुरेश पटेल, चतुर ध्रुव, रामनाथ साहू, भुवन वर्मा शामिल थे। कार्यक्रम में विशेष रूप से क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य शिवांगी चतुर्वेदी, इंद्रजीत महाड़िक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई