सक्ती में जिला स्तरीय गौधाम समिति की बैठक कलेक्टर अमृत विकास तोपनो एवं पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित

SHARE:

बैठक में गौधाम योजना के उद्देश्य और संचालन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा
सक्ती। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो एवं पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय गौधाम समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पशुधन विकास विभाग द्वारा बताया गया कि गौधाम योजना का मुख्य उद्देश्य निराश्रित और घुमंतू पशुओं के संरक्षण, कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत जप्त पशुओं के समुचित प्रबंधन और संवर्धन, गौ उत्पादों को बढ़ावा देने, चारा विकास कार्यक्रम को सुदृढ़ करने तथा गौधामों को प्रशिक्षण केन्द्र के रूप में विकसित करना है।


गौधाम संचालन और अधिकतम क्षमता का निर्धारण
पशुधन विकास विभाग ने जानकारी दी कि गौधामों का संचालन छत्तीसगढ़ गौसेवा आयोग में पंजीकृत गौशाला समितियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, ट्रस्ट, प्रोड्यूसर कंपनियों और सहकारी समितियों के माध्यम से किया जाएगा। प्रत्येक गौधाम की अधिकतम क्षमता 200 पशु निर्धारित की गई है, ताकि बेहतर देखभाल और प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके।


पशुओं की स्वास्थ्य देखभाल और नस्ल सुधार कार्यक्रम पर जोर
बैठक में यह बताया गया कि गौधामों में पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और नियमित देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही पशु नस्ल सुधार कार्यक्रम के तहत उन्नत नस्ल के संवर्धन पर कार्य किया जाएगा।


अधोसंरचना विकास, स्वच्छता और सुविधाओं को प्राथमिकता
गौधामों में आवश्यक अधोसंरचना के विकास, स्वच्छता, पेयजल सुविधा और छायादार शेड निर्माण को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक गौधाम में एक चरवाहा और एक गौसेवक की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी, जिन्हें कलेक्टर दर के अनुसार प्रतिमाह मानदेय प्रदान किया जाएगा।


गौधाम प्रशिक्षण केन्द्र के रूप में स्थानीय रोजगार सृजन और गौ आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती
बैठक में यह भी बताया गया कि गौधामों को प्रशिक्षण केन्द्र के रूप में विकसित कर गौ उत्पादों के निर्माण और विपणन से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे और गौ आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।


बैठक में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारी और विभागीय प्रतिनिधि
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर के.एस. पैंकरा, संयुक्त कलेक्टर अरुण कुमार सोम, पशुधन विकास विभाग के उप संचालक नदीम शम्स, विजय साहू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई