सुनियोजित चोरी में लिव-इन पार्टनर और साथी शामिल
रायगढ़, 17 मार्च। “ऑपरेशन तलाश” के तहत थाना चक्रधरनगर क्षेत्र में चोरी के एक गंभीर मामले में पुलिस ने फरार आरोपी निलेश साहू को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने अपनी लिव-इन पार्टनर नेहा साहू और सहयोगी आशीष महंत के साथ मिलकर सोने-चांदी के जेवर और नगदी की चोरी की योजना बनाई थी।
पूर्व में नेहा साहू और आशीष महंत को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि निलेश साहू फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने उसे उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
चोरी की वारदात और जांच का खुलासा
प्रार्थी प्रमिला शर्मा (58 वर्ष), गुलमोहर कॉलोनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 02.11.2025 को अनकूट पूजा के दौरान घर के आलमारी से नगदी और आभूषण गायब हो गए। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 494/2025 के तहत धारा 331(4), 305 (क), 3 (5) बी.एन.एस. में मामला पंजीबद्ध किया।
जांच में पता चला कि नेहा साहू ने प्रार्थी को चाय में नशीली दवा मिलाकर बेहोश किया और आलमारी से जेवर और नगदी चोरी कर निलेश साहू को दे दी। चोरी का सामान बाद में आशीष महंत के साथ मिलकर बेचा गया, और उससे खरीदा गया सामान भी पुलिस ने बरामद किया।
निलेश साहू से बरामद हुए 3.20 लाख रुपये के सोने के सिक्के
फरार आरोपी निलेश साहू ने चोरी की वारदात स्वीकार की। उसके कब्जे से दो सोने के सिक्के, जिनकी कीमत लगभग ₹3.20 लाख है, बरामद किए गए। आरोपी ने बताया कि कुछ जेवर पहले ही बेच दिए गए थे।
आरोपी विवरण:
- नाम: निलेश साहू
- पिता: राजेश साहू
- उम्र: 26 वर्ष
- निवासी: रेलवे बंगलापारा, थाना कोतवाली, जिला रायगढ़
पुलिस की सराहनीय कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में और एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राकेश मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक आशिक रात्रे, आरक्षक सुशील मिंज एवं विनोज लकड़ा की भूमिका सराहनीय रही।
एसएसपी का सख्त संदेश
“चोरी, धोखाधड़ी और विश्वासघात में संलिप्त आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिकों के विश्वास के साथ खिलवाड़ करने वालों पर रायगढ़ पुलिस की कड़ी नजर है। ऐसे अपराधियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”














































