CG News: रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सीएम विष्णुदेव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को पत्र लिखा है।
CG News: रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सीएम विष्णुदेव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को पत्र लिखा है। इस खत में छत्तीसगढ़ के प्रमुख शासकीय अस्पतालों एवं मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी सिस्टम स्थापित करने की मांग की है। सांसद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से इस विषय में शीघ्र कदम उठाने को लिये आग्रह किया है।
रोबोटिक सर्जरी एक तकनीक एक क्रांतिकारी परिवर्तन
सांसद अग्रवाल ने अपने पत्र में सुझाव दिया है कि प्रदेश के प्रमुख शासकीय चिकित्सा संस्थानों जैसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रायपुर, डीकेएस सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल रायपुर सहित सभी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में रोबोटिक सर्जरी सिस्टम स्थापित किया जाए। उन्होंने बताया कि चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में रोबोटिक सर्जरी तकनीक एक क्रांतिकारी परिवर्तन के रूप में सामने आई है और देश के अनेक अग्रणी चिकित्सा संस्थानों में इसका सफलतापूर्वक उपयोग किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि रोबोटिक सर्जरी के माध्यम से जटिल से जटिल ऑपरेशन अत्यधिक सटीकता और कम समय में किए जा सकते हैं, जिससे एक दिन में अधिक संख्या में सर्जरी संभव हो सकेगी और अस्पतालों में लंबित मामलों की संख्या तेजी से कम की जा सकेगी। इसके साथ ही इस तकनीक में छोटे चीरे के कारण मरीज को कम दर्द होता है, घाव जल्दी भरता है और अस्पताल में भर्ती रहने की अवधि भी कम हो जाती है। पत्र में लिखा कि यदि मेडिकल कॉलेजों में यह अत्याधुनिक तकनीक स्थापित होती है, तो वहां अध्ययनरत भावी डॉक्टरों को भी आधुनिक चिकित्सा तकनीक का प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे छत्तीसगढ़ चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकेगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि प्रदेश के प्रमुख शासकीय अस्पतालों में रोबोटिक सर्जरी सिस्टम स्थापित किया जाता है, तो इससे लाखों गरीब और जरूरतमंद मरीजों को समय पर, सुरक्षित और बेहतर उपचार मिल सकेगा तथा उन्हें महंगे निजी अस्पतालों की ओर जाने की मजबूरी से भी राहत मिलेगी।















































