छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल ने कक्षा 10वीं (हाईस्कूल) और 12वीं (हायर सेकेंडरी) की बोर्ड परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। इस वर्ष हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों की परीक्षाएं मार्च से अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी
छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल ने कक्षा 10वीं (हाईस्कूल) और 12वीं (हायर सेकेंडरी) की बोर्ड परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। इस वर्ष हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों की परीक्षाएं मार्च से अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी। जारी कार्यक्रम के अनुसार हायर सेकेंडरी (12वीं) की सैद्धांतिक परीक्षा 16 मार्च 2026 से शुरू होगी, जबकि हाईस्कूल (10वीं) की परीक्षा 17 मार्च 2026 से प्रारंभ होगी। सभी परीक्षाएं एक ही पाली में सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक आयोजित की जाएंगी।
बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देश के अनुसार छात्रों को सुबह 8:30 बजे तक परीक्षा केंद्र में अपनी सीट पर बैठना होगा। इसके बाद 8:35 बजे उत्तरपुस्तिका वितरित की जाएगी, 8:40 बजे प्रश्नपत्र दिए जाएंगे और 8:45 बजे से उत्तर लेखन शुरू होगा। परीक्षा का समय 11:45 बजे तक निर्धारित किया गया है। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी दिन स्थानीय या शासकीय अवकाश घोषित होता है, तब भी परीक्षाएं निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी। हालांकि विशेष परिस्थितियों में बोर्ड तिथियों में बदलाव कर सकता है।
प्रायोगिक परीक्षाओं की व्यवस्था
टाइम टेबल के साथ प्रायोगिक परीक्षाओं की जानकारी भी जारी की गई है। परीक्षा केंद्राध्यक्षों को 8 अप्रैल 2026 तक प्रायोगिक परीक्षाएं अपनी सुविधा अनुसार आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, हायर सेकेंडरी की सैद्धांतिक परीक्षा वाले दिन हाईस्कूल की प्रायोगिक परीक्षा और हाईस्कूल की सैद्धांतिक परीक्षा वाले दिन हायर सेकेंडरी की प्रायोगिक परीक्षा आयोजित की जा सकती है। छात्र प्रायोगिक परीक्षा की तिथि और समय की जानकारी अपने-अपने परीक्षा केंद्र से प्राप्त कर सकेंगे।
बोर्ड ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा समय-सारणी और सभी आवश्यक निर्देशों को ध्यान से पढ़ें तथा परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचना सुनिश्चित करें।














































