दुकान पर गए व्यापारी की स्कूटी कुछ घंटों में गायब, कोतवाली थाने में दर्ज हुई चोरी की रिपोर्ट
रायगढ़, 9 मार्च 2026। शहर के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र संजय कॉम्प्लेक्स में हुई एक्टिवा चोरी की घटना का पुलिस ने तेजी से खुलासा कर दिया है। कोतवाली और चक्रधरनगर पुलिस की सतर्कता से चोरी की स्कूटी बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों में एक 19 वर्षीय युवक और एक विधि से संघर्षरत नाबालिग शामिल है। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
पुराना शनिदेव मंदिर के पीछे लॉक कर खड़ी की थी स्कूटी, रात में लौटे तो वाहन का नहीं मिला कोई पता
प्राप्त जानकारी के अनुसार बैकुण्ठपुर निवासी मुकेश अग्रवाल (47 वर्ष) ने 6 मार्च को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके भाई मनोज कुमार अग्रवाल के नाम से पंजीकृत होंडा एक्टिवा क्रमांक CG 13 Y 8208 को 5 मार्च की दोपहर पुराना शनिदेव मंदिर के पीछे स्थित सुलभ शौचालय के पास लॉक कर खड़ा किया गया था।
इसके बाद वे संजय कॉम्प्लेक्स स्थित अपनी कपड़े की दुकान अंजली गारमेंट में चले गए। रात करीब 9:15 बजे जब वे दुकान बंद कर लौटे तो वहां से स्कूटी गायब मिली। आसपास काफी खोजबीन करने के बावजूद वाहन का पता नहीं चलने पर उन्होंने अज्ञात चोर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
चक्रधरनगर पुलिस की पेट्रोलिंग के दौरान दो युवक स्कूटी के साथ मिले संदिग्ध
घटना की जांच के दौरान 7 मार्च की दोपहर चक्रधरनगर थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को दो युवक एक सफेद स्कूटी के साथ संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। पुलिस ने जब उनसे पूछताछ की तो वे स्कूटी बेचने के लिए ग्राहक तलाशने की बात कहने लगे।
संदेह होने पर पुलिस ने वाहन की जानकारी “सशक्त ऐप” के जरिए जांची। जांच में सामने आया कि यह वही स्कूटी है जिसकी चोरी का मामला कोतवाली थाने में दर्ज है।
पूछताछ में दोनों ने कबूला जुर्म, पुलिस ने बरामद की चोरी की एक्टिवा
सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों संदिग्धों से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी मनोज भारती और उसके साथ मौजूद नाबालिग ने स्कूटी चोरी करना स्वीकार कर लिया।
नाबालिग के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने चोरी की एक्टिवा स्कूटी CG 13 Y 8208 जब्त कर ली, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई जा रही है।
एक आरोपी भेजा गया जेल, नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के सामने किया गया पेश
पुलिस ने इस मामले में मनोज भारती (19 वर्ष) पिता रामलाल भारती निवासी प्रेमनगर थाना चक्रधरनगर जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं विधि से संघर्षरत नाबालिग को विधिक प्रक्रिया के तहत किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।















































