ICC Men’s T20 World Cup: भारत को दक्षिण अफ्रीका से 76 रन से हार

SHARE:

सुपर आठ चरण के एकतरफा मुकाबले में भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रन की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। मैच के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने स्वीकार किया कि टीम बल्लेबाजी में बेहतर प्रदर्शन कर सकती थी।

188 रन के लक्ष्य के सामने ढही भारतीय बल्लेबाजी

दक्षिण अफ्रीका द्वारा दिए गए 188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पूरी टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर सिमट गई। दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय बल्लेबाजी क्रम को संभलने का मौका नहीं दिया।

मार्को यानसेन (22 रन पर 4 विकेट), केशव महाराज (24 रन पर 3 विकेट) और कोर्बिन बॉश (12 रन पर 2 विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने भारतीय बल्लेबाज टिक नहीं सके। भारत की ओर से केवल शिवम दुबे ने 42 रन (37 गेंद, 3 छक्के, 1 चौका) की संघर्षपूर्ण पारी खेली और 20 रन का आंकड़ा पार करने वाले इकलौते बल्लेबाज रहे।

मिलर-ब्रेविस की साझेदारी से बदला मैच

इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने शुरुआती तीन विकेट 20 रन पर गंवा दिए थे, लेकिन डेविड मिलर ने 35 गेंद में 63 रन (3 छक्के, 7 चौके) की आक्रामक पारी खेली। उन्होंने डेवाल्ड ब्रेविस (45 रन, 29 गेंद) के साथ चौथे विकेट के लिए 51 गेंद में 97 रन की अहम साझेदारी की।

अंत में ट्रिस्टन स्टब्स ने नाबाद 44 रन (24 गेंद) बनाकर टीम को सात विकेट पर 187 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

सूर्यकुमार ने मानी बल्लेबाजी की कमी

मैच के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा,
“शुरुआत में हमने बहुत अच्छी गेंदबाजी की। सात से 15वें ओवर के बीच उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी की और फिर हमने वापसी की। लेकिन हम और बेहतर बल्लेबाजी कर सकते थे। पावरप्ले में मैच नहीं जीत सकते, लेकिन हार सकते हैं। हमें जिन साझेदारियों की जरूरत थी, वे नहीं हो सकीं। यह खेल का हिस्सा है, हम इससे सीखेंगे और वापसी करेंगे।”

उन्होंने भारतीय तेज गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह की भी जमकर तारीफ की। बुमराह ने 15 रन देकर 3 विकेट और अर्शदीप ने 28 रन देकर 2 विकेट लिए।

इस हार के साथ भारत को सुपर आठ चरण में बड़ा झटका लगा है, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई