छत्तीसगढ़ बजट 24 फरवरी को पेश होगा, महिलाओं-युवाओं-किसानों पर फोकस

SHARE:

रायगढ़। छत्तीसगढ़ सरकार का वर्ष 2026-27 का बजट 24 फरवरी को विधानसभा में पेश किया जाएगा। इसकी जानकारी वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दी है। उन्होंने बताया कि राज्य विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से प्रारंभ होकर 20 मार्च तक चलेगा, जिसमें कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं।

सत्र के पहले दिन राज्यपाल रमेन डेका सदन को संबोधित करेंगे। उनके अभिभाषण के साथ ही बजट सत्र की औपचारिक शुरुआत होगी। राज्यपाल अपने संबोधन में सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत करेंगे।

वित्त मंत्री ने बताया कि यह भाजपा सरकार का तीसरा बजट होगा और इस बार भी नए थीम के साथ इसे प्रस्तुत किया जाएगा। बजट में महिलाओं, युवाओं और किसानों को केंद्र में रखकर प्रावधान किए जा रहे हैं। साथ ही सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए विकास को गति देने और जनहितकारी योजनाओं को सशक्त करने पर जोर रहेगा।


इंफ्रास्ट्रक्चर और डेवलपमेंट पर विशेष फोकस

सूत्रों के अनुसार, बजट 2026-27 में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट को प्राथमिकता दी जाएगी। छोटे और मंझोले शहरों में खेल मैदानों के विकास और यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए रिंग रोड निर्माण का प्रावधान किया जा सकता है।

इसके अलावा शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की भी योजना है।


नगरीय निकायों में रिंग रोड निर्माण की तैयारी

बताया जा रहा है कि इस बार गैर-जरूरी योजनाओं में कटौती कर संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाएगा। प्रदेश के बड़े नगर पंचायतों और नगर पालिकाओं में रिंग रोड निर्माण के लिए लगभग 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया जा सकता है।

इसके साथ ही छूटे हुए जिलों में नालंदा लाइब्रेरी की स्थापना के लिए बजट आवंटन की तैयारी है। पीएम सूर्यघर योजना और आयुष्मान योजना के लिए करीब 2000 करोड़ रुपये का प्रावधान किए जाने की संभावना है।


खेल अधोसंरचना को बढ़ावा

खेल सुविधाओं के विस्तार के तहत:

  • नगर पंचायत पखांजूर में खेल परिसर स्थापित किया जाएगा।
  • दुलदुला में मिनी इंडोर स्टेडियम का निर्माण प्रस्तावित है।
  • दुर्ग की पहली बटालियन में निर्मित इंडोर स्टेडियम के शेष कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये का प्रावधान किया जाएगा।
  • सारंगढ़ के इंडोर स्टेडियम के नवीनीकरण के लिए भी बजट में राशि प्रस्तावित है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई