अबूझमाड़ में भरोसे की नई बयार: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का दो दिवसीय नारायणपुर दौरा, शांति-खेल-पर्यटन को मिला नया आयाम

SHARE:

नारायणपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दो दिवसीय नारायणपुर प्रवास के दौरान अबूझमाड़ क्षेत्र में शांति स्थापना, खेल गतिविधियों और पर्यटन को बढ़ावा देने वाली कई अहम पहल में भाग लिया। पीस हाफ मैराथन के शुभारंभ से लेकर बाइक रैली, नौका विहार और तीरंदाजी कार्यक्रमों के जरिए मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से सीधा संवाद कर भरोसे और सहभागिता का संदेश दिया।


पीस हाफ मैराथन से बदली अबूझमाड़ की पहचान, मुख्यमंत्री ने खुद दौड़ लगाकर बढ़ाया धावकों का उत्साह

अबूझमाड़ की धरती पर आयोजित पीस हाफ मैराथन के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धावकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं भी प्रतीकात्मक दौड़ में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी दुर्गम और भय का पर्याय माने जाने वाले इस क्षेत्र से आज शांति, सद्भाव और विकास का मजबूत संदेश देश-दुनिया तक जा रहा है।


पर्यटन को रफ्तार देने की कोशिश: मुख्यमंत्री ने कच्चापाल के लिए निकली बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी

शांत सरोवर के समीप मुख्यमंत्री साय ने रायपुर के छत्तीसगढ़ राइडिंग क्लब के 40 बाइकर्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बाइक रैली नारायणपुर के सुदूर पर्यटन स्थल कच्चापाल तक जाएगी। इस पहल का उद्देश्य अबूझमाड़ के प्राकृतिक सौंदर्य और शांति के संदेश को आम लोगों तक पहुँचाना है।


शांत सरोवर में नौका विहार, स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने का दिया संकेत

बिजली गांव के समीप स्थित शांत सरोवर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, बस्तर सांसद महेश कश्यप एवं लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम के साथ नौका विहार किया। स्थानीय प्रशासन द्वारा शुरू की गई इस पहल को पर्यटन विकास की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


आदिवासी खेल प्रतिभाओं को मंच: मुख्यमंत्री ने तीर-धनुष उठाकर साधा लक्ष्य

बिंजली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने स्थानीय आदिवासी युवाओं से मुलाकात की और तीरंदाजी का प्रदर्शन कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि बस्तर अंचल में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। पारंपरिक खेलों को आधुनिक प्रशिक्षण से जोड़कर राष्ट्रीय स्तर तक ले जाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है।


शांति, आजीविका और विश्वास निर्माण पर सरकार का फोकस, प्रशासन-सुरक्षा बलों के साथ समन्वय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार जिला प्रशासन और सुरक्षा बलों के साथ मिलकर क्षेत्र में शांति स्थापना, आजीविका संवर्धन, खेल प्रतिभाओं को अवसर देने और विश्वास का वातावरण तैयार करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। अबूझमाड़ और बस्तर को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।


कार्यक्रम में मंत्री, सांसद और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी पी. सुंदरराज, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया, जिला सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


 

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई