महासमुंद। छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रही गांजा तस्करी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। प्रदेश में होने वाली गांजा तस्करी को रोकने के लिए पुलिस टीम प्रदेश की सीमाओं समेत अंदरूनी इलाकों में भी जांच और कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में महासमुंद पुलिस ने गांजा तस्करों की धरपकड़ तेज कर दी है।
पुलिस अधीक्षक ने प्रेसवार्ता में बताया कि 01 जनवरी से 30 जनवरी तक एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने जिले के विभिन्न थानाक्षेत्रों से 24 प्रकरणों में 52 आरोपियों को गिरफ्तार किया और 10.50 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया। इसके साथ ही 6 करोड़ की चल-अचल संपत्ति और 5 करोड़ के वाहन (ट्रक, कार, बाइक) सीज किए गए।
विशेष उल्लेखनीय है कि एक प्रकरण में गांजा परिवहन सरगना यूट्यूबर आकाश जाधव को गिरफ्तार किया गया। वह सांप पकड़ने के साथ गांजा तस्करी में भी लिप्त था। अन्य प्रकरणों में पुलिस लगातार जांच और कार्रवाई कर रही है।
प्रदेश में बढ़ती अवैध गांजा तस्करी को रोकने के लिए पुलिस राजधानी रायपुर में भी सतर्क है। हाल ही में रायपुर के बड़े गांजा कारोबारी रवि साहू को गिरफ्तार किया गया, जिसे कोर्ट ने 10 साल की सजा सुनाई है।
महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गांजा तस्करी और अवैध व्यापार में लिप्त तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।














































