रायगढ़, 28 जनवरी 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में रायगढ़ पुलिस एक ओर जहां अपराध नियंत्रण के लिए सख्त कार्रवाई कर रही है, वहीं दूसरी ओर कम्युनिटी पुलिसिंग के जरिए समाज के कमजोर वर्गों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को जागरूक करने पर भी लगातार फोकस कर रही है, ताकि जिले में सुरक्षा की भावना को और मजबूत किया जा सके।

कुसमरा स्थित कन्या विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतरारोड निरीक्षक मोहन भारद्वाज द्वारा थाना कोतरारोड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुसमरा स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षकों को महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध तथा यातायात नियमों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

महिला एवं बाल सुरक्षा पर दिया गया विशेष मार्गदर्शन
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बताया गया कि किसी भी असहज या संदिग्ध स्थिति में तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को जानकारी दें। गुड टच और बैड टच की पहचान करते हुए गलत स्पर्श के खिलाफ चुप न रहने की सलाह दी गई।
डायल 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 181 की उपयोगिता समझाते हुए आपात स्थिति में इनके तत्काल उपयोग की जानकारी दी गई।

साइबर अपराध से बचाव को लेकर दी गई अहम जानकारी
साइबर अपराध के विषय में छात्राओं को अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या ओटीपी साझा न करने, सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सार्वजनिक न करने तथा ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाना अथवा साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।
यातायात नियमों के पालन की अपील
यातायात जागरूकता के अंतर्गत दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, तेज रफ्तार से बचने और नशे में वाहन चलाने वालों के साथ यात्रा न करने की समझाइश दी गई। छात्राओं से अपने परिवारजनों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
पुलिस सदैव आपकी सुरक्षा के लिए तत्पर—थाना प्रभारी
थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज ने छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए कहा कि पुलिस हमेशा उनकी सुरक्षा के लिए तैयार है और किसी भी समस्या या भय की स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें।
रायगढ़ पुलिस की अपील
रायगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि पुलिस के साथ सहयोग करें, सतर्क रहें और किसी भी अपराध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि एक सुरक्षित और जागरूक समाज का निर्माण किया जा सके।










































