धान तौलैया हमालों को मिला सम्मान, ड्रेस कोड में दिखेंगे गोबरसिंहा धान खरीदी केंद्र के मजदूर

SHARE:

सरिया/बरमकेला। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला विकासखंड अंतर्गत धान उपार्जन केंद्र सेवा सहकारी समिति मर्यादित गोबरसिंहा (पंजीयन क्रमांक 1551) में कार्यरत धान तौलैया हमाल अब एक समान ड्रेस कोड में नजर आएंगे।

समिति के प्राधिकृत अधिकारी मुरलीधर पटेल की सराहनीय पहल पर धान खरीदी कार्य में लगे सभी हमालों के लिए एक ही रंग के टी-शर्ट तैयार कराए गए। सोमवार को समिति कार्यालय में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में 55 धान तौलैया मजदूरों को दो-दो टी-शर्ट प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला भाजपा के उपाध्यक्ष स्वप्निल स्वर्णकार रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में सरिया मंडल भाजपा अध्यक्ष प्रदीप सतपथी, पूर्व महामंत्री द्वय चूड़ामणि पटेल एवं राधामोहन पाणिग्राही, उपाध्यक्ष नवीन प्रधान, ग्राम गोबरसिंहा के गौटिया हृदयराम पटेल तथा सुदामा पटेल उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने अपने कर-कमलों से मजदूरों को टी-शर्ट भेंट की।

इस अवसर पर प्राधिकृत अधिकारी मुरलीधर पटेल एवं प्रबंधक मीनकेतन डनसेना ने कहा कि धान खरीदी व्यवस्था में मजदूर भाइयों का परिश्रम और समर्पण अमूल्य है। उनकी कड़ी मेहनत को सम्मान देकर आज हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

मुख्य अतिथि स्वप्निल स्वर्णकार ने मजदूरों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि “मजदूर का पसीना मोती के समान होता है। मजदूर समाज की खुशहाली के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करता है।”
उन्होंने सेवा सहकारी समिति मर्यादित गोबरसिंहा द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

कार्यक्रम के माध्यम से न केवल मजदूरों का मनोबल बढ़ा, बल्कि ड्रेस कोड लागू होने से धान खरीदी केंद्र की कार्यप्रणाली भी अधिक व्यवस्थित और अनुशासित नजर आएगी।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई