घरघोड़ा । धान खरीदी की मात्रा को लेकर किसानों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। घरघोड़ा विकासखंड अंतर्गत कुडुमकेला धान मंडी में शासन द्वारा निर्धारित 21 क्विंटल प्रति किसान धान खरीदी के निर्देश के विपरीत मंडी समिति द्वारा केवल 16 क्विंटल धान खरीदी किए जाने के विरोध में किसानों ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम कर दिया। जानकारी के अनुसार, सैकड़ों की संख्या में किसान मंडी परिसर के सामने एकत्र होकर नारेबाजी कर रहे हैं। किसानों की स्पष्ट मांग है कि शासन के नियमानुसार प्रत्येक किसान से 21 क्विंटल धान की खरीदी की जाए।
आंदोलनरत किसानों ने अपनी मांगों को लेकर 50 से अधिक ट्रैक्टरों में धान भरकर मंडी परिसर एवं मुख्य सड़क पर खड़ा कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। चक्का जाम के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए घरघोड़ा नायब तहसीलदार सहोदर राम पैंकरा मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा कर आंदोलन को दो घंटे के बाद समाप्त कर चक्का जाम खुलावाया गया।
नायब तहसीलदार से किसानों की चर्चा में सुखत के नाम पर अतिरिक्त धान लेने की शिकायत की गई जिस पर नायब तहसीलदार ने समिति प्रबंधन को तत्काल अतिरिक्त धान लेने से मना कर दिया साथ ही समिति के मजदूरों से काम कराने के निर्देश दिए गए।
किसानों की बाते सुनी गई उसकी मांगे उच्च अधिकारियो तक पंहुचा दी जाएगी। साथ ही धान की खरीदी भौतिक सत्यापन के हिसाब से धान खरीदी की जाएगी। किसनो को किसी प्रकार की समस्या नहीं हो करके समिति प्रबंधन को निर्देश दिए गए है
नायब तहसीलदार सहोदर राम पैंकरा














































