चक्रधरपुर मंडल में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य से 50 से अधिक ट्रेनें रद्द, त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी

SHARE:

27 नवंबर से 17 दिसंबर तक अलग-अलग तिथियों में होगा काम, कई ट्रेनों के समय में बदलाव और कुछ के रूट डायवर्ट

रायगढ़। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में अधोसंरचना विकास के लिए झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा। इसके चलते 27 नवंबर से 17 दिसंबर तक अलग-अलग तिथियों में मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग से गुजरने वाली 50 से अधिक यात्री ट्रेनों का परिचालन रद्द करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा कई ट्रेनों को देरी से रवाना किया जाएगा, जबकि कुछ के मार्ग में भी बदलाव होगा। रेलवे के इस फैसले से त्योहारी सीजन में सफर करने वाले यात्रियों, खासकर घर जाने की तैयारी कर रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

रेलवे के अनुसार, यह कार्य रेल अधोसंरचना को बेहतर बनाने और परिचालन क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। हालांकि, इसके कारण कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस और दुरंतो ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होगा। यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

ये प्रमुख ट्रेनें रहेंगी रद्द

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, ट्रेन नंबर 18109/18110 टाटानगर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस 29 नवंबर और 1 से 16 दिसंबर तक रद्द रहेगी।

इसी तरह, हावड़ा से चलने वाली ट्रेन नंबर 12222 हावड़ा-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस 26 नवंबर, 3 और 12 दिसंबर को नहीं चलेगी। वहीं, ट्रेन नंबर 12221 पुणे-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस 28 नवंबर, 5 और 14 दिसंबर को रद्द रहेगी।

ट्रेन नंबर 18113 टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस 4, 5 और 7 से 15 दिसंबर तक रद्द रहेगी। इसके जवाब में चलने वाली ट्रेन नंबर 18114 बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस 5, 6 और 8 से 16 दिसंबर तक नहीं चलेगी।

इसके अलावा, ट्रेन नंबर 20822 संतरागाछी-पुणे एक्सप्रेस 5 और 12 दिसंबर को तथा ट्रेन नंबर 20821 पुणे-संतरागाछी एक्सप्रेस 7 और 14 दिसंबर को रद्द रहेगी।

दर्जनों अन्य ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित

नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते चर्लपल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस, तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस, मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस, कामाख्या-एलटीटी एक्सप्रेस, रानी कमलापति-संतरागाछी एक्सप्रेस, हटिया-पुणे-हटिया एक्सप्रेस, शालीमार-भुज-शालीमार एक्सप्रेस, गया-एलटीटी-गया एक्सप्रेस, हटिया-दुर्ग-हटिया एक्सप्रेस, बक्सर-बिलासपुर-बक्सर और हैदराबाद-रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस सहित कई अन्य एक्सप्रेस और हमसफर ट्रेनों का परिचालन भी विभिन्न तिथियों में प्रभावित रहेगा।

कुछ ट्रेनों को निर्धारित समय से देरी से रवाना किया जाएगा, जबकि कुछ के मार्ग में बदलाव किया जाएगा। ऐसे में यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति की पुष्टि करना जरूरी होगा।

यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील

रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन, निर्धारित समय और मार्ग में हुए बदलाव की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। अधोसंरचना विकास के लिए किया जा रहा यह कार्य भविष्य में रेल परिचालन को अधिक सुगम और बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। हालांकि, कार्य की अवधि में यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाकर चलने की जरूरत होगी।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment