वित्त मंत्री ओपी चौधरी बोले—समाज के सहयोग से ही पूरे होते हैं सेवा के संकल्प, गौसेवा की यह पहल अनुकरणीय
रायगढ़। शहर की ऐतिहासिक धरोहर श्री चक्रधर गौशाला में गायों के समुचित उपचार के लिए नवनिर्मित अत्याधुनिक गौ-चिकित्सालय का शुभारंभ वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर उन्होंने गौशाला प्रबंधन, ट्रस्ट के पदाधिकारियों और युवा कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए इसे गौसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण और अनुकरणीय पहल बताया।
गौसेवा की परंपरा को मिला नया आयाम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि गौसेवा सबसे बड़ी सेवा है। गौ माता के समुचित उपचार के लिए गौशाला प्रबंधन ने जो पहल की है, वह अत्यंत सराहनीय है। शहर के मध्य स्थित इस महत्वपूर्ण स्थल को गौसेवा के लिए समर्पित रखना अपने आप में एक बड़ा संकल्प है। यह प्रयास आने वाली पीढ़ियों को भी सेवा के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने कहा कि दानवीर सेठ किरोड़ीमल की नगरी रायगढ़ में गौ-चिकित्सा की इस नई व्यवस्था का जुड़ना दानवीरता और सेवा की परंपरा में एक नया अध्याय है। सैकड़ों वर्ष पुरानी इस गौशाला को जिस तरह पिछली पीढ़ी ने सहेजा और अब युवा पीढ़ी इसे नई ऊंचाइयों तक ले जा रही है, वह संतोष और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि वास्तविक सेवा करने वाले लोग अक्सर मंच और माइक से दूर रहकर चुपचाप अपना योगदान देते हैं। गौशाला से जुड़े लोग भी इसी भावना के साथ कार्य कर रहे हैं।
गौसेवा का आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व
ओपी चौधरी ने गौसेवा के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सनातन धर्म और शास्त्रों में गौ माता को विशेष स्थान दिया गया है। गौसेवा को पुण्य, समृद्धि और सकारात्मकता से जोड़कर देखा जाता है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ संस्कार, संस्कृति और दान की नगरी है। यहां भंडारे से लेकर विभिन्न सेवा कार्यों तक समाज की सक्रिय भागीदारी देखने को मिलती है। इस ऐतिहासिक धरोहर को सहेजने और आगे बढ़ाने में योगदान देने वाले समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान किया जाना चाहिए।
सरकार के साथ समाज की भागीदारी भी जरूरी
वित्त मंत्री ने कहा कि कुछ सेवा कार्य ऐसे होते हैं, जिन्हें सरकार समाज के सहयोग के बिना अकेले पूरा नहीं कर सकती। गौशाला का संचालन भी ऐसा ही कार्य है। सरकार योजनाएं और परियोजनाएं बना सकती है, लेकिन उनके सफल क्रियान्वयन के लिए समाज के सकारात्मक सोच वाले लोगों का आगे आना जरूरी है। जब समाज किसी अच्छे उद्देश्य के लिए एकजुट होता है, तो बड़े से बड़े कार्य भी आसान हो जाते हैं।
जनसेवा और गौसेवा में हरसंभव सहयोग का भरोसा
ओपी चौधरी ने रायगढ़ की जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जनता से जो प्यार, समर्थन और आशीर्वाद मिला है, उसके लिए वे स्वयं को ऋणी मानते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनसेवा और गौसेवा के प्रत्येक सत्कार्य में वे साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि निःस्वार्थ भाव से समाजसेवा और गौसेवा करने वालों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। यदि कोई समस्या आती है, तो वे व्यक्तिगत और सरकार के स्तर पर हरसंभव सहयोग के लिए उपलब्ध रहेंगे।






























