150 से ज्यादा यात्रियों से भरी फ्लाइट ने बदला रास्ता, इजरायल ने लड़ाकू विमान भेजे; बाद में हाइजैक की आशंका खारिज
नई दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात के दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 बुधवार को अचानक सुरक्षा अलर्ट का कारण बन गई। विमान ने उड़ान के दौरान पहले सामान्य आपातकालीन संकेत 7700 और कुछ मिनट बाद 7500 कोड प्रसारित किया। 7500 कोड विमान में अवैध हस्तक्षेप या संभावित हाइजैक की स्थिति का संकेत देता है। इसके बाद इजरायली सुरक्षा तंत्र में हड़कंप मच गया।
सऊदी अरब की ओर मोड़ा गया विमान
अलर्ट के बाद विमान ने इजरायल की ओर बढ़ने के बजाय अपना रास्ता बदला और सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। फ्लाइट में करीब 150 यात्री, जिनमें बड़ी संख्या में इजरायली नागरिक बताए गए, सवार थे। एयरलाइन ने पुष्टि की कि विमान सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री एवं चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।
हाइजैक कोड से मचा हड़कंप
फ्लाइट ट्रैकिंग के अनुसार विमान ने पहले 7700 इमरजेंसी कोड भेजा और उसके बाद थोड़े समय के लिए 7500 कोड सक्रिय हुआ। 7500 कोड संभावित हाइजैक या विमान में अवैध हस्तक्षेप की स्थिति में इस्तेमाल किया जाता है। इसी वजह से इजरायल ने संभावित खतरे को देखते हुए अपने लड़ाकू विमान हवा में भेजे।
नेतन्याहू ने बुलाई आपात बैठक
घटना की गंभीरता को देखते हुए इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने अधिकारियों के साथ तत्काल सुरक्षा बैठक की। उस समय यह स्पष्ट नहीं था कि विमान में वास्तव में हाइजैक की कोशिश हुई है या कोई अन्य घटना हुई है।
बाद में सामने आई अलग वजह
बाद की रिपोर्टों में इजरायली अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि विमान में मौजूद दोनों पायलटों के बीच कथित तौर पर हाथापाई हुई थी और इसी दौरान आपातकालीन संकेत सक्रिय हुए। इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बाद में कहा कि घटना को हाइजैकिंग नहीं माना जा रहा है। हालांकि, पूरी घटना की जांच जारी है और एयरलाइन ने फिलहाल इसे केवल विमान में हुई एक “घटना” बताया है।
सभी यात्री सुरक्षित
फ्लाईदुबई के मुताबिक, विमान तबूक में सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री तथा चालक दल सुरक्षित हैं। अधिकारियों की ओर से घटना के पूरे क्रम की जांच की जा रही है।






























