‘एलटी एक्सचेंज’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा—विकास, सुशासन, निवेश और नवाचार से बदलेगी प्रदेश की तस्वीर
रायपुर। छत्तीसगढ़ अब नक्सलवाद की चुनौती से आगे बढ़कर विकास, सुशासन, निवेश और नवाचार के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। राज्य की प्राकृतिक संपदा, युवा शक्ति और विकास की व्यापक संभावनाओं को जनकल्याण तथा आर्थिक समृद्धि में बदलने के लिए सरकार योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विकसित भारत-2047 की यात्रा में छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।
मुख्यमंत्री साय राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित एक निजी होटल में समाचार चैनल लाइव टाइम्स द्वारा आयोजित ‘नक्सलमुक्त विकासयुक्त छत्तीसगढ़-2047’ कार्यक्रम के तहत ‘एलटी एक्सचेंज’ में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।
नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक अभियान से बदली प्रदेश की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय देश और दुनिया में छत्तीसगढ़ की पहचान मुख्य रूप से नक्सलवाद की समस्या से जुड़ी हुई थी। अब यह तस्वीर तेजी से बदल रही है। नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक अभियान के साथ प्रदेश में विकास की नई संभावनाएं आकार ले रही हैं, जिससे छत्तीसगढ़ के प्रति राष्ट्रीय स्तर पर धारणा में सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा के साथ विकास को गति देने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। विशेष रूप से बस्तर जैसे क्षेत्रों में विकास की संभावनाओं को विस्तार देने पर जोर दिया जा रहा है।
बस्तर विकास से लेकर किसान कल्याण तक हुई चर्चा
‘एलटी एक्सचेंज’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के साथ बस्तर के विकास, किसान कल्याण, महिला सशक्तीकरण और आवास जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सरकार की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के हर वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
निवेश और सुशासन पर सरकार का विशेष जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को बढ़ाने के साथ-साथ सुशासन को मजबूत किया जा रहा है। सरकार प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए तकनीक का उपयोग कर रही है। डिजिटल गवर्नेंस के माध्यम से शासन और नागरिकों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से विकास को नई दिशा
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे आधुनिक तकनीकी विषयों पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने संकेत दिया कि बदलती तकनीकी दुनिया के साथ कदमताल करते हुए छत्तीसगढ़ में नवाचार और नई तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि विकास की प्रक्रिया को और गति मिल सके।
जल संचय में देश में शीर्ष स्थान महत्वपूर्ण उपलब्धि
मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण और जल संचय के क्षेत्र में प्रदेश की उपलब्धि का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जल संचय के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ का देश में शीर्ष स्थान हासिल करना बदलते हुए छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है। यह उपलब्धि बताती है कि राज्य विकास के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा, युवा शक्ति और व्यापक संभावनाओं का समुचित उपयोग कर प्रदेश को विकास और आर्थिक समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का लक्ष्य है। सरकार इसी दिशा में योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ रही है।






























