जशपुर में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 10 निरीक्षकों का तबादला

SHARE:

कई थाना प्रभारियों को बदला गया, रिजर्व केंद्र में पदस्थ निरीक्षकों को भी मिली थानों की जिम्मेदारी

जशपुरनगर। पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से जिले में पदस्थ 10 निरीक्षकों के स्थानांतरण का आदेश जारी किया है। इस फेरबदल के तहत कई थाना प्रभारियों को दूसरे थानों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं रिजर्व केंद्र में पदस्थ निरीक्षकों को भी विभिन्न थानों का प्रभारी बनाया गया है।

इन निरीक्षकों को मिली नई जिम्मेदारी

जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक राकेश यादव को कुनकुरी से बागबहार, जितेन्द्र ताम्रकार को कांसाबेल से पत्थलगांव तथा विनीत कुमार पाण्डेय को पत्थलगांव से कांसाबेल स्थानांतरित किया गया है।

इसी तरह गौरव पाण्डेय को बगीचा से नारायणपुर और कोमल सिंह नेताम को नारायणपुर से फरसाबहार थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं संदीप कौशिक को तपकरा से सन्ना थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।

रिजर्व केंद्र से चार निरीक्षकों को थाना प्रभारी बनाया

स्थानांतरण आदेश के तहत रिजर्व केंद्र जशपुर में पदस्थ निरीक्षकों को भी थाना प्रभार सौंपे गए हैं। भूपेन्द्र सिंह चन्द्रा को कुनकुरी, विक्रांत कुमार सोन को बगीचा और त्रिलोक प्रधान को तपकरा थाना प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा लक्ष्मण भगत को अजाक थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पत्थलगांव थाने में बड़ा बदलाव

फेरबदल में पत्थलगांव थाना विशेष रूप से चर्चा में है। यहां पदस्थ निरीक्षक विनीत कुमार पाण्डेय का तबादला कांसाबेल किया गया है, जबकि कांसाबेल थाना प्रभारी जितेन्द्र ताम्रकार को पत्थलगांव थाने की कमान सौंपी गई है।

आगामी आदेश तक तत्काल प्रभाव से लागू

पुलिस विभाग के अनुसार यह स्थानांतरण प्रशासनिक दृष्टिकोण से आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से तत्काल प्रभाव से किया गया है। जिले के कई प्रमुख थानों में थाना प्रभार बदलने के बाद पुलिस विभाग में इस फेरबदल को महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment