छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अब तक 130 संक्रमित

SHARE:

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू यानी एच1एन1 संक्रमण के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। प्रदेश में संक्रमण की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और स्वास्थ्य विभाग की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का दावा किया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री बोले—घबराने की जरूरत नहीं

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है और लगातार मामलों की मॉनिटरिंग की जा रही है। उनके मुताबिक, प्रदेश में अब तक करीब 130 लोग संक्रमित पाए गए हैं, जिनमें से लगभग 100 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं। उन्होंने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है।

दुर्ग में 13 मरीजों का इलाज जारी

दुर्ग जिले में भी एच1एन1 संक्रमण के मामले सामने आए हैं। जिले में अब तक 13 स्वाइन फ्लू संक्रमित मरीज मिलने की जानकारी सामने आई है। सभी मरीजों का भिलाई और दुर्ग के अलग-अलग अस्पतालों में उपचार जारी है। बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और बचाव संबंधी गतिविधियां तेज कर दी हैं।

लक्षण दिखने पर तुरंत कराएं जांच

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को तेज बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी है। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर सामान्य सर्दी-जुकाम समझकर खुद इलाज करने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है।

बदलते मौसम में सावधानी जरूरी

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मौसम में बदलाव के दौरान स्वाइन फ्लू जैसे संक्रमण का प्रभाव बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को व्यक्तिगत स्वच्छता, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यक सावधानी और बीमारी के लक्षण होने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने पर ध्यान देना चाहिए।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment