सक्ती में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, सांसद कमलेश जांगड़े ने किया ध्वजारोहण

SHARE:

सक्ती। जिला मुख्यालय सक्ती में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कलेक्टर कार्यालय के निकट मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का प्रदेशवासियों के नाम प्रेषित स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया।

परेड का किया निरीक्षण, शहीदों के परिजनों का सम्मान

ध्वजारोहण के बाद मुख्य अतिथि सांसद कमलेश जांगड़े ने कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो एवं पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर के साथ परेड का निरीक्षण किया। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों तथा मीसाबंदियों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। सांसद ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश के लिए उनके योगदान को नमन किया।

आठ प्लाटून ने लिया परेड में हिस्सा

समारोह में कुल 8 प्लाटून ने हिस्सा लिया। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्री उमेश राय रहे। प्रोफेशनल वर्ग में जिला पुलिस बल पुरुष प्लाटून ने प्रथम स्थान हासिल किया, जिसका नेतृत्व प्रशिक्षु उप निरीक्षक श्री राहुल वाजपेई ने किया। जिला पुलिस बल महिला प्लाटून को द्वितीय तथा नगर सेना प्लाटून को तृतीय स्थान मिला।

अनप्रोफेशनल वर्ग में एनसीसी सीनियर बालक प्लाटून प्रथम, एनसीसी सीनियर बालिका प्लाटून द्वितीय तथा एनसीसी जूनियर विंग बालक प्लाटून तृतीय स्थान पर रही।

स्कूली बच्चों ने दी देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां

स्वतंत्रता दिवस समारोह में संस्कार पब्लिक स्कूल, अनुनय कान्वेंट स्कूल, गुंजन एजुकेशन स्कूल और जेबीडीएवी स्कूल सक्ती के विद्यार्थियों ने देशभक्ति की धुन पर शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। रंगारंग कार्यक्रमों ने समारोह में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में अनुनय कान्वेंट स्कूल सक्ती ने प्रथम, जेबीडीएवी स्कूल सक्ती ने द्वितीय और गुंजन एजुकेशन स्कूल सक्ती ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित

समारोह के दौरान विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शांति और स्वतंत्रता के प्रतीक रंगीन गुब्बारे भी आकाश में छोड़े गए।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कमल किशोर पटेल, जिला पंचायत सदस्य श्री आयुष शर्मा, सांसद प्रतिनिधि श्री संजय रामचंद्र, श्री टिकेश्वर गबेल, श्री रामनरेश यादव, सुश्री अन्नपूर्णा राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, श्री बालेश्वर राम, श्री केएस पैकरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल, संयुक्त कलेक्टर श्री अरुण कुमार सोम, एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रीतेश राजपूत, उच्च न्यायालय अधिवक्ता श्री चितरंजय पटेल सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मंच संचालन व्याख्याता श्री देवाशीष बेनर्जी ने किया। पूरे समारोह के दौरान सक्ती जिला मुख्यालय देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई