सक्ती, 15 अगस्त 2026। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो ने कलेक्टोरेट कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण कर जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। ध्वजारोहण के पश्चात उन्होंने भारत माता एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
स्वतंत्रता का सार्थक उपयोग करने का दिया संदेश
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री तोपनो ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपनी आजादी का सही और सार्थक उपयोग करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि हमें अपने परिवार, समाज और देश के प्रति सद्विचार रखते हुए देशहित में कार्य करना चाहिए।
टीम भावना से विकास के लिए करें प्रयास
कलेक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें और एक-दूसरे के हित में सहयोग की भावना से कार्य करें।
देशभक्ति गीत और कविताओं ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत भाषण, गीत, कविताएं और अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों के दौरान पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना से भर गया।
अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर श्री केएस पैकरा, संयुक्त कलेक्टर श्री अरुण सोम, एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रितेश राजपूत सहित कलेक्टर कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






























