NH-45 Update : गौरेला-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर यातायात चालू, क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत युद्धस्तर पर

SHARE:

गौरेला-बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के नेशनल हाईवे-45 पर यातायात पूरी तरह सुचारू है। अतिवृष्टि और भारी वाहनों के दबाव से सड़क सतह के जिस हिस्से को नुकसान पहुंचा था, वहां मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी है। विभाग के अनुसार परियोजना में अब तक 58 प्रतिशत भौतिक प्रगति हासिल की जा चुकी है।

छतौना के पास सड़क सतह को पहुंचा नुकसान

लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों के अनुसार केंवची-रतनपुर मार्ग के किमी 290.000, ग्राम छतौना के पास टोल प्लाजा के प्रस्तावित स्थल पर GSB (ग्रेन्युलर सब-बेस) लेयर का कार्य पूरा हो चुका है।

हाल में हुई भारी बारिश और बड़ी संख्या में भारी वाहनों के आवागमन के कारण इस हिस्से की सड़क सतह को नुकसान पहुंचा था।

सूचना मिलते ही शुरू कराया सुधार कार्य

क्षति की जानकारी मिलते ही EPC अनुबंधक मेसर्स शांति इंजीकॉन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सुधार कार्य शुरू कर दिया गया, जो लगातार जारी है। विभागीय अधिकारी मौके पर निगरानी रख रहे हैं ताकि सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो और यातायात सुचारू बना रहे।

₹286 करोड़ की परियोजना, 58 प्रतिशत काम पूरा

रा.रा. क्र.-45 के 42.598 किलोमीटर लंबे मार्ग (किमी 278.750 से 321.348) के 2-लेन चौड़ीकरण एवं उन्नयन के लिए केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने ₹286 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति 31 मार्च 2022 को दी थी। कार्यादेश 15 जुलाई 2024 को जारी किया गया था।

अब तक 25.770 किमी DBM, 98 HP कल्वर्ट, 14 RCC बॉक्स कल्वर्ट, 7 माइनर ब्रिज, 4.890 किमी RCC नाली तथा 4.467 किमी रिटेनिंग वॉल एवं टो-वॉल का काम पूरा हो चुका है।

विभाग ने अफवाहों से बचने की अपील की

लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने आम जनता और वाहन चालकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। NH-45 पर आवागमन जारी है और शेष निर्माण एवं सुधार कार्य भी शीघ्र पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment