रायगढ़। गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल के रास्ते जा रहे 14 चक्का ट्रक को पकड़ा है। ट्रक में क्षमता से अधिक गौवंश को ठूंस-ठूंसकर अमानवीय तरीके से ले जाया जा रहा था। पुलिस ने कुल 46 गौवंश बरामद किए, जिनमें 7 मृत पाए गए, जबकि 39 जीवित गौवंश को सुरक्षित रेस्क्यू कर कांजी हाउस धरमजयगढ़ पहुंचाया गया।
बरसापाली जंगल में पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त 2026 को रात करीब 2:20 बजे सूचना मिली थी कि 14 चक्का ट्रक से जंगल के रास्ते गौवंश को तस्करी कर ले जाया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े ने पुलिस टीम को बरसापाली जंगल मार्ग पर घेराबंदी के लिए रवाना किया।
पुलिस टीम के पहुंचने की भनक लगते ही ट्रक में सवार तस्कर वाहन को जंगल में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
ट्रक में ठूंस-ठूंसकर भरे मिले 46 गौवंश
पुलिस ने तिरपाल से ढके लावारिस हालत में खड़े ट्रक क्रमांक CG 14 D 0739 की तलाशी ली। ट्रक के अंदर 46 गौवंश बेहद अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरे हुए मिले। इनमें 7 गौवंश मृत पाए गए।
पुलिस टीम ने तत्काल 39 जीवित गौवंश को ट्रक से बाहर निकाला और उन्हें कांजी हाउस धरमजयगढ़ पहुंचाकर चारा-पानी की व्यवस्था कराई।
तस्करों की तलाश जारी
मामले में धरमजयगढ़ पुलिस ने ट्रक चालक और फरार पशु तस्करों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 10 के तहत अपराध दर्ज किया है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार पतासाजी कर रही है।
पुलिस ने की आम नागरिकों से अपील
रायगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि गौवंश की अवैध तस्करी, पशु क्रूरता या संदिग्ध तरीके से पशुओं के परिवहन की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।















































