राष्ट्रभक्ति और धार्मिक आस्था के संग निकली यात्रा, स्कूल के विद्यार्थियों व शिक्षकों ने भी लिया हिस्सा
चपले। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश एवं जिला नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को सावन माह के पावन अवसर पर चपले मंडल में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। राष्ट्रभक्ति और धार्मिक आस्था से ओत-प्रोत यात्रा का शुभारंभ रामझरना से गंगाजल लेकर किया गया।

विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्कूल के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयघोष के साथ यात्रा में हिस्सा लिया।

रामझरना से लोढ़ाझर तक निकली यात्रा
रामझरना से शुरू हुई तिरंगा यात्रा भूपदेवपुर, बिलासपुर और तिलाईपाली होते हुए लोढ़ाझर स्थित श्री शिव शक्ति मंदिर पहुंची। सावन के पावन सोमवार के अवसर पर यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं ने रामझरना से लाए गए गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
शिवाभिषेक के बाद राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की गई और इसके साथ ही तिरंगा यात्रा का समापन हुआ।

भारत माता के जयघोष से गूंजा क्षेत्र
तिरंगा यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा में जिला पंचायत सदस्य, बीडीसी सदस्य, चपले मंडल के पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता, महिला मोर्चा एवं युवा मोर्चा के सदस्य तथा पुलिस विभाग के जवान भी मौजूद रहे।

तिरंगा एकता और बलिदान का प्रतीक
कार्यकर्ताओं ने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह देश की एकता, अखंडता, गौरव और वीर जवानों के बलिदान की पहचान है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से आमजन में राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।
भारत माता की जय।
वंदे मातरम्।
जय हिंद।















































