Bilaspur Police : गुम मोबाइल की रिकवरी में बिलासपुर पुलिस राज्य में प्रथम, 202 मोबाइल लौटाकर मनाया ‘अर्पण’ कार्यक्रम

SHARE:

1250 मिसिंग मोबाइल बरामद, करीब 30 लाख रुपये के 202 फोन वास्तविक मालिकों को सौंपे

बिलासपुर। गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के मामले में बिलासपुर पुलिस ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2026 में अब तक पुलिस ने 1250 मिसिंग मोबाइल फोन रिकवर कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस किए हैं। पुलिस के अनुसार गुम मोबाइल की बरामदगी और उन्हें उनके मालिकों तक पहुंचाने के मामले में बिलासपुर पुलिस पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान पर है।

‘चेतना अभियान’ के तहत 202 मोबाइल लौटाए

स्वतंत्रता दिवस उत्सव के अवसर पर चलाए जा रहे ‘चेतना अभियान’ के तहत 9 अगस्त को ‘अर्पण’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान करीब 30 लाख रुपये कीमत के 202 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपे गए।

मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी और संतोष नजर आया। मोबाइल धारकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार जताया।

तकनीकी संसाधनों से छत्तीसगढ़ समेत सीमावर्ती राज्यों से रिकवरी

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर गुम मोबाइल फोन की तलाश के लिए एसीसीयू (साइबर सेल) की टीम लगातार काम कर रही है। टीम ने तकनीकी संसाधनों और लगातार प्रयासों के जरिए छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ-साथ सीमावर्ती राज्यों से भी गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए।

साइबर फ्रॉड से बचाव की दी जानकारी

‘अर्पण’ कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल की टीम ने मौजूद नागरिकों को वर्तमान समय में होने वाले विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी एवं उनकी टीम ने भारत सरकार के ‘संचार साथी’ मोबाइल एप्लीकेशन के उपयोग और साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में भी जागरूक किया।

1250 मोबाइल की रिकवरी का दावा

बिलासपुर पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक कुल 1250 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं। पुलिस ने इसे तकनीकी जांच, साइबर सेल की सक्रियता और थाना स्टाफ के समन्वित प्रयास का परिणाम बताया है।

कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण एवं एसीसीयू) मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन परमेश्वर तिलवार और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं मोबाइल धारक मौजूद रहे।

बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों के लिए संदेश दिया— “आपकी एक आस, आपकी अमानत, आपके पास।”

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment