रायगढ़ : कमला नेहरू पार्क में गूंजा वंदे मातरम्, विद्यार्थियों ने लिया तिरंगा सम्मान और स्वच्छता का संकल्प

SHARE:

रायगढ़। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता, वंदे मातरम्’ अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को कमला नेहरू पार्क में जिला प्रशासन की ओर से तिरंगा प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों, एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स, शिक्षकों और जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

सामूहिक वंदे मातरम् गायन से गूंजा पार्क

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे ने सामूहिक राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने तिरंगा प्रतिज्ञा लेकर राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश की एकता-अखंडता और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर शिल्पा भगत, जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू, एडिशनल सीईओ नीलाराम पटेल, डीएमसी आलोक स्वर्णकार सहित अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स मौजूद रहे।

राष्ट्रभक्ति दैनिक जीवन में भी दिखे : सीईओ

सीईओ अभिजीत बबन पठारे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा देश की आन-बान-शान, एकता, अखंडता, त्याग और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्ति केवल राष्ट्रीय पर्वों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि ईमानदारी, अनुशासन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार में भी दिखाई देनी चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा घरों में सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए लोगों को प्रेरित करने का आह्वान किया।

योगाभ्यास के जरिए दिया स्वच्छता और स्वस्थ जीवन का संदेश

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सामूहिक योगाभ्यास भी किया। योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और मानसिक एकाग्रता का संदेश दिया गया। वहीं ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता’ की भावना के तहत विद्यार्थियों को घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।

17 अगस्त तक होंगे विभिन्न आयोजन

अभियान के तहत 9 अगस्त से 17 अगस्त तक जिले में अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 10 अगस्त को स्कूलों में तिरंगा फहराया जाएगा। 11 अगस्त को स्कूल-कॉलेजों में ‘वंदे मातरम्’ विषय पर रंगोली प्रतियोगिता होगी। 12 अगस्त को साइकिल रैली आयोजित की जाएगी।

वहीं 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। अभियान के दौरान नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment