Meri Beti Mera Abhiman : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्यव्यापी अभियान का किया शुभारंभ, गांवों में बनेंगे मुक्तिधाम और बालिका शौचालय

SHARE:

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान विकसित भारत-रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) वीबी-जी राम जी के अंतर्गत राज्यव्यापी ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक पूरे प्रदेश में संचालित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान बेटियों के सम्मान, ग्रामीण स्वच्छता, सामाजिक गरिमा और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है।

6,671 स्कूलों में बनेंगे बालिका शौचालय

अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के शासकीय विद्यालयों में 286.85 करोड़ रुपये की लागत से 6,671 बालिका शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक शौचालय की अनुमानित लागत 4.30 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इसका उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित और बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

हजारों गांवों में बनेंगे मुक्तिधाम और प्रतीक्षालय

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 6,524 गांवों में 391.44 करोड़ रुपये की लागत से प्रतीक्षालय सहित मुक्तिधाम बनाए जाएंगे। प्रत्येक इकाई की लागत 6 लाख रुपये होगी। इसके अलावा 549 मुक्तिधामों के निर्माण पर 18.22 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिनकी प्रति इकाई लागत 3.32 लाख रुपये निर्धारित की गई है।

जल संरक्षण पर भी रहेगा विशेष फोकस

राज्य सरकार जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 10,027 बंद अथवा डिफंक्ट बोरवेलों में 52.14 करोड़ रुपये की लागत से सैंड फिल्टर और रिचार्ज संरचनाएं विकसित करेगी। प्रति इकाई लगभग 52 हजार रुपये की लागत से किए जाने वाले इन कार्यों से भू-जल स्तर बढ़ाने, वर्षा जल संरक्षण और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट कम करने में मदद मिलेगी।

अधिकारियों को दिए त्वरित क्रियान्वयन के निर्देश

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल स्वीकृत कर शीघ्र शुरू किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment