प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के महुली गांव में गुरुवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। करीब 100 वर्ष पुराना जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। मलबे में दबने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक सुरक्षित बच गया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
रात 2 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, महुली गांव निवासी प्रमोद श्रीवास्तव (60) का मकान काफी पुराना और जर्जर था। गुरुवार तड़के करीब 2 बजे पूरा परिवार गहरी नींद में था, तभी मकान अचानक ढह गया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया।
दंपति, बेटा-बहू और दो मासूमों की गई जान
रेस्क्यू अभियान के दौरान मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में प्रमोद श्रीवास्तव, रीता, नितिन, माधुरी, माधव और अद्विक शामिल हैं। वहीं परिवार के सदस्य अमन (28 वर्ष) सुरक्षित बच गए और उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
प्रशासन ने शुरू की जांच
पुलिस और प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मकान के अत्यधिक जर्जर होने और लगातार बारिश के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
प्रतापगढ़ जिले में लगातार बारिश के चलते हाल के दिनों में कई मकान ढहने की घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले पट्टी तहसील क्षेत्र में एक किसान का कच्चा मकान गिरने से वह घायल हो गया था। वहीं कुछ दिन पहले 5 वर्षीय बच्ची की पानी से भरे गड्ढे में गिरने से मौत की घटना भी सामने आई थी।















































