दुर्ग हत्याकांड : कांग्रेस नेता प्रकाश सिंह कश्यप की हत्या का खुलासा, लूट का विरोध करने पर दिया वारदात को अंजाम

SHARE:

100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने पकड़े आरोपी, तीन नाबालिग समेत चार आरोपी शामिल

दुर्ग। जिले के तुमाकला में हुए कांग्रेस नेता एवं उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि लूट का विरोध करने पर आरोपियों ने कांग्रेस नेता की हत्या कर दी थी। वारदात में तीन नाबालिगों समेत चार आरोपी शामिल थे।

रास्ता पूछने के दौरान हुआ विवाद

मामले का खुलासा करते हुए एएसपी शोभराज अग्रवाल और सीएसपी हर्षित मेहर ने बताया कि घटना की रात प्रकाश सिंह कश्यप अपने कुछ साथियों के साथ रास्ता भटक गए थे। देर रात उन्होंने रास्ते से गुजर रहे कुछ युवकों से रास्ते की जानकारी मांगी।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने रास्ता बताने के बजाय उनसे लूट करने की कोशिश की। आरोपियों ने प्रकाश सिंह कश्यप से पैसे मांगे, जिसका उन्होंने विरोध किया और पैसे देने से इनकार कर दिया।

धारदार हथियार और डंडे से हमला

पुलिस के मुताबिक पैसे नहीं देने पर आरोपियों ने प्रकाश सिंह कश्यप पर धारदार हथियार और डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी उनकी जेब में रखी रकम लेकर मौके से फरार हो गए।

100 से ज्यादा CCTV कैमरों की जांच

घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए जांच अभियान शुरू किया। मृतक के साथियों द्वारा बताए गए हुलिए और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने इलाके के 100 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले।

तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।

एक आरोपी जेल भेजा गया, तीन नाबालिगों पर कार्रवाई

जांच में सामने आया कि हत्या में कुल चार आरोपी शामिल थे, जिनमें तीन नाबालिग और एक बालिग आरोपी है। पुलिस ने तीनों नाबालिगों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम और अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की है।

वहीं मुख्य आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment