रायगढ़ सड़क सुरक्षा : पेड़ों पर ट्री मार्कर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाकर हादसे रोकने की पहल, रात में वाहन चालकों को मिलेगी सतर्कता

SHARE:

रायगढ़। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस ने विशेष सड़क सुरक्षा अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत रात के समय दुर्घटना संभावित मार्गों पर सड़क किनारे स्थित पेड़ों में ट्री मार्कर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं।

दुर्घटना संभावित स्थानों को किया जा रहा चिन्हित
यातायात पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न मार्गों का सर्वे कर ऐसे स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां रात के समय वाहन चालकों को परेशानी होती है। वाहन की हेडलाइट पड़ते ही रेडियम रिफ्लेक्टर चमकेंगे, जिससे चालक दूर से ही पेड़ों और मार्ग की स्थिति को पहचान सकेंगे और दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी।

इन मार्गों पर लगाए गए रिफ्लेक्टर
पुलिस द्वारा उर्दना-गेरवानी-लाखा मार्ग, पहाड़ मंदिर-बनोरा मार्ग और इंदिरा विहार-हमीरपुर मार्ग पर सड़क किनारे स्थित चिन्हित पेड़ों में ट्री मार्कर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, आने वाले समय में जिले के अन्य दुर्घटना संभावित मार्गों पर भी यह अभियान चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।

रात में सावधानी बरतने की अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि रात के समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, अनावश्यक हाई बीम का उपयोग न करें और हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। साथ ही सड़क संकेतकों और रिफ्लेक्टर मार्किंग पर ध्यान देकर सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की गई है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया नवाचार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए पुलिस केवल नियमों का पालन कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि सुरक्षा से जुड़े नवाचार भी किए जा रहे हैं। ट्री मार्कर रेडियम रिफ्लेक्टर वाहन चालकों को समय रहते सतर्क करेंगे और दुर्घटनाओं को कम करने में मददगार साबित होंगे।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment