रायपुर। आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले छत्तीसगढ़ के बल्लेबाज शशांक सिंह आगामी घरेलू क्रिकेट सत्र में अब पुडुचेरी का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ी के अनुरोध पर छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ (CSCS) ने उन्हें अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी कर दिया है।
सीएससीएस पर लगाए गंभीर आरोप
छत्तीसगढ़ से अलग होने के बाद शशांक सिंह ने संघ के रवैये पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले घरेलू सत्र में कंधे और अंगुली की चोट से उबरने के बाद भी उन्हें पर्याप्त अवसर नहीं मिले।
शशांक का कहना है कि चोट के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ प्रीमियर लीग के लिए खिलाड़ियों की सूची में शामिल नहीं किया गया और बेंगलुरु प्री-सीजन कैंप में भी जगह नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने टीम बदलने का फैसला किया।
संघ ने आरोपों को किया खारिज
वहीं, छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने इन आरोपों को गलत बताया है। संघ का कहना है कि शशांक को हर स्तर पर सहयोग दिया गया और उन्हें आईपीएल तक पहुंचने में भी मदद की गई।
संघ के अनुसार, उन्हें सीसीपीएल में कप्तानी की जिम्मेदारी दी गई थी और लगातार ट्रेनिंग कैंप में बुलाया जाता रहा, लेकिन कई बार वह कैंप में शामिल नहीं हुए और इलाज के लिए मुंबई चले जाते थे।
व्हाइट-बॉल क्रिकेट पर रहेगा फोकस
34 वर्षीय शशांक सिंह अब पुडुचेरी के लिए मुख्य रूप से व्हाइट-बॉल क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। वह अपनी गेंदबाजी को बेहतर बनाने पर भी काम करेंगे, ताकि टी20 क्रिकेट में एक प्रभावी ऑलराउंडर के रूप में योगदान दे सकें।
घरेलू क्रिकेट में रहा है शानदार प्रदर्शन
शशांक का हालिया घरेलू प्रदर्शन शानदार रहा है।
- विजय हजारे ट्रॉफी 2024-25 में उन्होंने 7 मैचों में 450 रन बनाने के साथ 11 विकेट भी लिए।
- सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024-25 में 7 मुकाबलों में 188 रन बनाए।
शशांक को बीसीसीआई द्वारा 2023-24 घरेलू लिमिटेड ओवर सीजन के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर के लिए लाला अमरनाथ पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।















































