कोपरा जलाशय के पास हुआ हादसा, बाइक सवार गंभीर घायल
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में भूसे से भरे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा कोपरा जलाशय (डैम) के पास हुआ, जहां महिला ट्रक और बाइक के बीच फंसकर करीब 25 मीटर तक घिसटती चली गई।
ट्रक की टक्कर से महिला की मौत
सकरी थाना प्रभारी उमेश साहू के अनुसार, मुंगेली जिले के लोहाराकापा गांव निवासी पुनौतीन यादव (63 वर्ष) एक व्यक्ति के साथ बाइक से बिलासपुर की ओर आ रही थीं। इसी दौरान कोपरा जलाशय के पास पीछे से आ रहे भूसे से भरे ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी तेज थी कि महिला बाइक सहित ट्रक के पहियों के नीचे फंस गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे में महिला को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
बाइक चालक गंभीर रूप से घायल
हादसे में बाइक चला रहा व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल भेजा। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने ट्रक किया जब्त, जांच जारी
पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रक को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
बिलासपुर सड़क हादसा | Sakri Road Accident | Bilaspur News















































