मुंबई। Bhumi Pednekar इन दिनों अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने NEET-UG 2026 प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री Narendra Modi के खिलाफ लगाए गए अभद्र नारों पर प्रतिक्रिया देते हुए विरोध प्रदर्शन में शालीन भाषा के इस्तेमाल की अपील की। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
भूमि पेडनेकर ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में कहा कि युवाओं को अपनी नाराजगी जाहिर करने और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने का पूरा अधिकार है, लेकिन किसी के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है।
उन्होंने कहा, “जो वीडियो सामने आ रहे हैं, उनमें जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल हो रहा है और हमारे देश के युवा जिस तरह बात कर रहे हैं, वह हमारी संस्कृति नहीं है। हम उस व्यक्ति के बारे में बात कर रहे हैं जो देश के सबसे बड़े पद पर है।”
भूमि ने आगे कहा कि जिस तरह लोग अपने परिवार के बड़ों से सम्मानपूर्वक बात करते हैं, उसी तरह सार्वजनिक जीवन में भी भाषा की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।
अभिनेत्री ने शिक्षा, महिलाओं के खिलाफ हिंसा और अन्य सामाजिक मुद्दों पर भी अपनी बात रखते हुए कहा कि किसी भी विषय पर चर्चा सम्मान और शांति के साथ होनी चाहिए। उनके अनुसार, यदि संवाद से सम्मान और समझदारी खत्म हो जाएगी, तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाना कठिन हो जाएगा।
भूमि के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उनके विचारों का समर्थन किया, जबकि कुछ यूजर्स ने उनकी आलोचना भी की।














































