First Sawan Somwar 2026 : पहले सावन सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, सोमनाथ से महाकाल तक गूंजा ‘हर-हर महादेव’

SHARE:

नई दिल्ली। 30 जुलाई से शुरू हुए पवित्र सावन माह का आज पहला सोमवार है। पहले सावन सोमवार के अवसर पर देशभर के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्त भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा, दूध, पंचामृत और पुष्प अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना कर रहे हैं।

सोमनाथ से काशी तक उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

गुजरात में अरब सागर के तट पर स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ मंदिर से लेकर उत्तर प्रदेश की मोक्षदायिनी नगरी काशी विश्वनाथ मंदिर तक श्रद्धालुओं का जनसैलाब देखने को मिला। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।

महाकाल मंदिर में भस्म आरती के लिए लंबी कतारें

मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित बाबा महाकालेश्वर मंदिर में भी पहले सावन सोमवार पर अलसुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। भगवान महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया और प्रसिद्ध भस्म आरती में शामिल होने के लिए श्रद्धालु देर रात से ही कतारों में खड़े रहे।

जलाभिषेक का विशेष महत्व

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सावन सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और विधि-विधान से पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। अविवाहित युवतियां योग्य जीवनसाथी की कामना से व्रत रखती हैं, जबकि विवाहित महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की प्रार्थना करती हैं।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई