नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर अलग-अलग देशों में नए फैसले सामने आए हैं। जहां नेपाल ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं, वहीं पाकिस्तान में मामूली कटौती की गई है। दूसरी ओर भारत में आज पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
नेपाल में बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम
नेपाल ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार पेट्रोल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर और डीजल व केरोसिन में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। नए संशोधित दाम 18 अगस्त से लागू होंगे। बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल की कीमत 200 रुपये प्रति लीटर तथा डीजल और केरोसिन की कीमत भी 200 रुपये प्रति लीटर निर्धारित की गई है।
पाकिस्तान में मिली मामूली राहत
पाकिस्तान में ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (OGRA) की सिफारिश पर पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमतों में हल्की कटौती की गई है। पेट्रोल 0.12 रुपये प्रति लीटर सस्ता होकर 336.03 रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल 0.66 रुपये प्रति लीटर घटकर 392.38 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
भारत में कीमतें यथावत
भारतीय तेल कंपनियों द्वारा जारी ताजा दरों के अनुसार देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में आज कोई बदलाव नहीं किया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 80 डॉलर प्रति बैरल से नीचे कारोबार कर रहा है, लेकिन फिलहाल इसका असर घरेलू खुदरा कीमतों पर नहीं पड़ा है।














































