रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में शुरू हुए ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत राजधानी रायपुर स्थित लोक भवन में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की गरिमामयी उपस्थिति रही।
युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठन और विभिन्न युवा संगठनों के सदस्य शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता जताई।
प्रधानमंत्री मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया शुभारंभ
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए 100 सप्ताह तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया।
नशा व्यक्ति ही नहीं, परिवार और समाज को करता है प्रभावित
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि नशा केवल व्यक्ति के जीवन को प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
युवाओं से सकारात्मक ऊर्जा के उपयोग की अपील
प्रधानमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें। उन्होंने कहा कि यदि युवा सही दिशा में आगे बढ़ेंगे तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता।
उन्होंने युवाओं से स्वयं नशामुक्त जीवन अपनाने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया।














































