रायपुर। जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम में आतंकवादियों द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रवासी श्रमिकों पर किए गए कायराना हमले में सक्ती जिले के दीपक रात्रे और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भूपेंद्र भैना के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे मानवता के विरुद्ध जघन्य अपराध बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घोषणा की कि राज्य सरकार दोनों दिवंगत श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी।
जम्मू-कश्मीर प्रशासन से समन्वय के निर्देश
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर प्रशासन से तत्काल समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी, जो पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेगा।
परिजनों के प्रति संवेदना
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार इस दुःख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।














































