कुलगाम आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के श्रमिकों की मौत: डिप्टी CM विजय शर्मा ने परिजनों से की बात, हरसंभव मदद का भरोसा

SHARE:

रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के श्रमिकों दीपक रात्रे और भूपेन्द्र की मौत के बाद प्रदेश में शोक का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने दिल्ली प्रवास के दौरान दोनों दिवंगतों के परिजनों से दूरभाष पर चर्चा कर संवेदना व्यक्त की।

परिजनों को दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को पीड़ित परिवारों के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख

श्री विजय शर्मा ने कहा कि निर्दोष नागरिकों की हत्या मानवता के विरुद्ध जघन्य अपराध है। उन्होंने आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ऐसे कायराना कृत्य किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हैं। देश आतंकवाद के खिलाफ पूरी मजबूती से खड़ा है और इस हमले में शामिल आतंकियों को कड़ी सजा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि आतंकियों को उनके कृत्य का जवाब दिया जाएगा और दोषियों को कानून के दायरे में लाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री सहायता राशि की घोषणा पर जताया आभार

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा दोनों दिवंगत श्रमिकों के परिवारों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय पीड़ित परिवारों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करेगा।

पीड़ित परिवारों के साथ समन्वय में जुटा प्रशासन

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री सुनील शर्मा भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। वे पीड़ित परिवारों के साथ रहकर आवश्यक सहायता और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय सुनिश्चित कर रहे हैं, ताकि परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई