रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के समापन सत्र में खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान करते हुए कहा कि राज्य में खेलों के विकास के लिए यह कॉन्क्लेव मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर छत्तीसगढ़ में खेल अधोसंरचना, प्रशिक्षण और प्रतिभाओं के विकास को नई दिशा मिलेगी।
खिलाड़ियों के लिए 100 करोड़ का प्रावधान
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्कृष्ट खेल मिशन के तहत खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए इस वर्ष के बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची को मंजूरी दी गई है, जिन्हें भविष्य में सरकारी नौकरी में लाभ मिलेगा।
बस्तर और सरगुजा ओलंपिक से मिली नई प्रतिभाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने के लिए बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे बड़े आयोजनों का सफल आयोजन किया गया। बस्तर ओलंपिक में करीब 4 लाख और सरगुजा ओलंपिक में 3.5 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।
छत्तीसगढ़ ने जीते 19 पदक
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ ने 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 19 पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने अपनी पूर्व घोषणा के अनुरूप पदक विजेताओं को प्रोत्साहन राशि प्रदान की।
पदक विजेताओं को मिली प्रोत्साहन राशि
- स्वर्ण पदक विजेता: ₹2 लाख
- रजत पदक विजेता: ₹1.5 लाख
- कांस्य पदक विजेता: ₹1 लाख
टीम स्पर्धाओं में:
- महिला फुटबॉल (स्वर्ण): ₹22 लाख
- पुरुष फुटबॉल (रजत): ₹16.5 लाख
- पुरुष हॉकी (कांस्य): ₹9 लाख
बचपन से प्रतिभा निखारने की तैयारी
उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने कहा कि प्राथमिक स्तर से ही खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। कॉन्क्लेव में मिले विशेषज्ञों के सुझावों को राज्य की नई खेल नीति और कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा।















































