देहरादून। उत्तराखंड में मानसून के सक्रिय होने के बाद मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार और बुधवार के लिए प्रदेश के कई जिलों में भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
11 जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा
आईएमडी के फ्लैश फ्लड बुलेटिन के अनुसार अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चम्पावत, देहरादून, पौड़ी, टिहरी, नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिलों के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के दौरान अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का मध्यम जोखिम बना हुआ है।
चारधाम यात्रा दो दिन के लिए रोकी गई
भारी बारिश और कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए चारधाम यात्रा को दो दिनों के लिए अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। गढ़वाल मंडल आयुक्त ने बताया कि मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों के किनारे जाने से परहेज करने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में, 2 अगस्त तक उत्तराखंड में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है।















































