Plastic Currency India : ₹10 और ₹20 के प्लास्टिक नोटों का रास्ता साफ, RBI के प्रस्ताव को केंद्र सरकार की मंजूरी

SHARE:

नई दिल्ली। देश में जल्द ही ₹10 और ₹20 के प्लास्टिक (पॉलिमर) नोट देखने को मिल सकते हैं। केंद्र सरकार ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के उस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसके तहत पहले चरण में इन नोटों का फील्ड ट्रायल किया जाएगा। ट्रायल सफल होने के बाद इन्हें नियमित रूप से जारी करने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

एक-एक अरब नोटों का होगा ट्रायल

लोकसभा में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने बताया कि RBI के केंद्रीय निदेशक मंडल ने ₹10 और ₹20 के एक-एक अरब पॉलिमर नोट परीक्षण के तौर पर जारी करने का प्रस्ताव भेजा था। केंद्र सरकार ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है।

क्यों लाए जा रहे हैं पॉलिमर नोट?

RBI के अनुसार, पॉलिमर नोट सामान्य कागज के नोटों की तुलना में अधिक टिकाऊ होते हैं। ये जल्दी फटते नहीं हैं, पानी और गंदगी का इन पर कम असर पड़ता है। इससे नोटों की उम्र बढ़ेगी और बार-बार छपाई की आवश्यकता कम होने से लागत में भी बचत होगी।

पुराने कागज के नोट रहेंगे जारी

सरकार ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल कागज के नोट बंद नहीं किए जाएंगे। पॉलिमर नोट और मौजूदा कागज के नोट साथ-साथ चलन में रहेंगे, इसलिए आम लोगों को किसी तरह की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

डिजिटल भुगतान पर नहीं पड़ेगा असर

सरकार का कहना है कि यह योजना अभी शुरुआती चरण में है। पॉलिमर नोटों के आने से डिजिटल भुगतान व्यवस्था पर कोई तत्काल प्रभाव नहीं पड़ेगा। नकद और डिजिटल भुगतान दोनों आगे भी समानांतर रूप से जारी रहेंगे।

कई देशों में पहले से हो रहा उपयोग

ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और कनाडा सहित कई देशों में पॉलिमर नोट पहले से प्रचलन में हैं। यदि भारत में फील्ड ट्रायल सफल रहता है, तो भविष्य में ₹10 और ₹20 के नए प्लास्टिक नोट आम लोगों के उपयोग में आ सकते हैं।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई