कबीरधाम : उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जमीन पर बैठकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, विकास कार्यों की दी सौगात

SHARE:

कबीरधाम। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने विधानसभा क्षेत्र के सहसपुर लोहारा विकासखंड अंतर्गत ग्राम भेंड्रा नवागांव और पीरचाटोला में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रमों में शामिल होकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं तथा कई विकास कार्यों की मौके पर ही घोषणा की।

सड़क निर्माण के लिए करोड़ों की सौगात

उपमुख्यमंत्री शर्मा ने ग्राम भेंड्रा नवागांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्राम बोटेसुर से नवागांव तक एक करोड़ रुपए से अधिक की लागत से सड़क निर्माण कराने की घोषणा की।

वहीं ग्राम पीरचाटोला में 5.20 लाख रुपए की लागत से सड़क निर्माण और वीबीजीरामजी योजना के तहत पुलिया निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृत कराने की बात कही।

गांवों में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी दी

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि भेंड्रा नवागांव और बोटेसुर क्षेत्र में सामुदायिक भवन, सीसी रोड, बोर खनन, रंगमंच, आहता निर्माण और आंतरिक विद्युतीकरण जैसे कई कार्य पूरे किए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि सूरजपुरा पंचायत में 51 लाख रुपए की लागत से मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टेडियम में नियमित खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हों और आसपास के 15 से 20 गांवों के युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर अधिकारियों को निर्देश

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में कई सड़कों का निर्माण कराया गया है। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरे किए जाएं।

प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि पीरचाटोला में 40, सूरजपुरा में 57, पेण्ड्रातराई में 61, बैगापारा में 65 और बोटेसुर में 75 आवास स्वीकृत किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख आवासों की स्वीकृति दी गई थी और पिछले ढाई वर्षों में 11 लाख आवासों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याण के लिए निरंतर काम कर रही है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई