रायगढ़, 24 जुलाई। प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार रायगढ़ के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शहरवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में उन्होंने शहर की कई निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।
प्रमुख परियोजनाओं का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने फोर-लेन सड़क, गोवर्धनपुर पुल, मरीन ड्राइव, दूध डेयरी एवं एफसीआई ऑक्सीजोन, चांदमारी एवं मोदीनगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी तथा लोहरसिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सहित कई विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति, तकनीकी गुणवत्ता और समय-सीमा की जानकारी लेते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
फोर-लेन सड़क और गोवर्धनपुर पुल से मिलेगी राहत
ओपी चौधरी ने कहा कि कोतरारोड थाना चौक से ढिमरापुर, ढिमरापुर से सीएमएचओ कार्यालय तिराहा तथा सर्किट हाउस मार्ग तक फोर-लेन सड़क बनने से शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और सुरक्षित होगी। वहीं गोवर्धनपुर पुल का कार्यादेश जारी हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा, जिससे लोगों को वर्षों पुरानी आवागमन संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी।
लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि रायगढ़ की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएं वर्षों से लंबित थीं, जिन्हें अब प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य शहर को आधुनिक आधारभूत सुविधाओं से सुसज्जित करना और नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराना है।
गुणवत्ता से समझौता नहीं
वित्त मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और हर मौसम में परियोजनाओं को गति दी जाएगी।
ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।















































